-
Advertisement
यूपी चुनावः वोट डालने के लिए शाहरूख ने किया 900 किमी का सफर
मंडी। भावी पीढ़ी अपने मताधिकार ( voting rights)के इस्तेमाल को लेकर काफी सजग नजर आ रही है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि हमारी मुलाकात एक ऐसे शख्स से हुई जिसने यूपी चुनावों (Election)में सिर्फ अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए 900 किमी का सफर तय कर दिया। इस शख्स का नाम है शाहरूख और यह मूलतः उत्तर प्रदेश ( Uttar Pradesh)के मुज्जफरनगर जिले की जानसठ तहसील के तहत आने वाले जतवाड़ा गांव का रहने वाला है। विधानसभा क्षेत्र का नाम मीरापुर है। 22 वर्षीय शाहरूख बीते 7 वर्षों से मंडी में रह रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल कर्मचारियों को बड़ी राहत, जयराम सरकार ने संशोधित वेतनमान में दिया तीसरा विकल्प
शहर के खलियार वार्ड में सैलून का संचालन करके अपनी आजीविका कमाता है। शाहरूख ने बताया कि पिछले कल यानी 10 फरवरी को उसके गृहक्षेत्र में मतदान था। इसलिए बुधवार सुबह वो यहां से अपने घर के लिए रवाना हुआ। दिन भर 450 किमी का सफर तय करके देर शाम अपने घर पहुंचा। परिजनों से मिला और अगली सुबह जल्दी उठकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के तुरंत बाद वापिस मंडी के लिए रवाना हो गया। रात करीब 9 बजे मंडी पहुंचा और आज फिर से अपनी दुकान पर काम काज शुरू कर दिया। शाहरूख ने बताया कि वो सिर्फ मताधिकार का इस्तेमाल करने ही इतनी दूर गया। आने जाने में 900 किमी का सफर तय करना पड़ा। शाहरूख ने बताया कि उसने तीसरी बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। शाहरूख ने उत्तर प्रदेश के ऐसे मतदाताओं से अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल करने का आहवान किया है जो प्रदेश से बाहर रह रहे हैं।

