-
Advertisement
नगर भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ की, सिख व मुस्लिम समुदाय ने किया स्वागत
नाहन। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा रविवार को नाहन शहर में निकाली जा रही है। एक खास बात यह है कि इस रथ यात्रा में सभी धर्मों के लोग शामिल होते हैं और रथ यात्रा का स्वागत सिख समुदाय व मुस्लिम समुदाय के लोग भी करते हैं। सबसे पहले सुबह विग्रहों की पूजा अर्चना की गई। यज्ञ पूर्णाहुति के बाद विग्रहों को पलकों में विराजमान किया गया भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने के बाद रथ यात्रा शुरू हुई। छोटा चौक स्थित प्राचीन भगवान जगन्नाथ मंदिर से भगवान जगन्नाथ को पालकियों में आरूढ़ करके हिन्दू आश्रम, दिल्ली गेट, नया बाजार होते हुए नाहन के चौगान मैदान में पहुंची। यहां पर राज परिवार से उदय प्रकाश व अन्य सदस्यों ने पूजा अर्चना की। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व भाई बलराम को रथ पर आरुढ़ किया गया। चौगान मैदान से रथ यात्रा माल रोड, गुन्नू घाट, पक्का टैंक, डाबो मोहल्ला, तेली मोहल्ला होते हुए रथ यात्रा कच्चा टैंक पहुंचेगी। इसके बाद विग्रहों को पालकियों में आरुढ़ कर मुख्य बाजार होते हुए भगवान जगन्नाथ मंदिर लाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:जगन्नाथ मंदिर की रसोई सबसे बड़ी, भगवान के भोग को क्यों कहते हैं महाप्रसादम
श्री दशमेश अस्थान साहिब गुरुद्वारा में सिख समुदाय के लोगों ने भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का स्वागत किया। यहां पर सिख युवाओं द्वारा गतके का भी प्रदर्शन किया गया। नाहन शहर रियासत काल से ही सांप्रदायिक सद्भावना का प्रतिक रहा है। यहां पर सभी धर्मों के लोग मिलकर एक दूसरे के त्योहार में शरीक होते हैं। यहां पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी रथ यात्रा का स्वागत किया । जैन धर्म व ईसाई धर्म के लोग भी यात्रा में शरीक हो रहे है।
गौरतलब हो कि यह नाहन शहर में भगवान जगन्नाथ की 13वीं रथयात्रा है। यहां पर यात्रा का शुभारंभ वर्ष 2009 में किया गया था। रथ यात्रा के लिए विग्रहों को जगन्नाथ पुरी से लाया गया था। रथ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के जलपान के लिए विभिन्न संस्थाओं व धर्मों के लोगों द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…