-
Advertisement
हिमाचल के पहाड़ों पर बारिश के साथ बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों को मिलेगी गर्मी से निजात
मनाली। हिमाचल में लगातार बढ़ रही गर्मी को रोकने के लिए आज मौसम कुछ हद तक मेहरबान हो गया। प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति (Lahaul Spiti) में बर्फबारी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसके साथ ही रोहतांग दर्रा (Rohtang Pass) में भी बर्फबारी हो रही है। जिससे तापमान में कुछ कमी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) की चेतावनी के बीच लाहुल के बारालाचा दर्रे सहित सभी ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। जिससे मैदानी क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट आई है। वहीं मौसम के इस बदलाव ने पर्यटकों के चेहरे पर भी रौनक ला दी है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में कल पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा अपना कमाल, बस इन जगहों पर होगी बारिश
लाहुल में हो रही बर्फबारी का असर अभी तक मनाली लेह मार्ग पर नहीं पड़ा है। यहां वाहनों की आवाजाही जारी है। लेकिन लाहुल घाटी में शुरू हुई बारिश (Rain) को देखते हुए जिला प्रशासन ने सैलानियों को सफर ना करने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दो तीन दिन मौसम खराब रहेगा। हालांकि छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारू है, लेकिन बर्फ़बारी (Snowfall) का क्रम ऐसा ही रहा तो वाहन चालकों की दिक्कत बढ़ सकती है। मौसम के करवट बदलने से हिमाचल के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। बता दें कि इन दिनों प्रदेश के मैदानी क्षेत्र बुरी तरह से तप रहे हैं। प्रदेश का ऊना जिला का तापमान आजकल 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें:पर्यटकों को खींच रही हिमाचल के पहाड़ों की ठंडक, 24 घंटों में शिमला पहुंचे 11,596 वाहन
बता दें कि वीकेंड के चलते प्रदेश के धर्मशाला, मनाली और शिमला में पर्यटकों (Tourists) की आमद बढ़ गई है। दूसरे राज्यों में पड़ रही भयंकर गर्मी से राहत पाने के लिए भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रूख कर रहे हैं। वीकेंड के पहले दिन आज यानी शनिवार को स्नो प्वाइंट बन चुके लाहुल के कोकसर में करीब डेढ़ हजार से भी अधिक पर्यटक वाहन (Tourist Vehicle) पहुंच गए हैं। वहीं कुछ एक पर्यटकों ने रोहतांग के मढ़ी का रुख किया और सागू फाल में बर्फ का आनंद लिया। पर्यटन नगरी मनाली और धर्मशाला के पर्यटन स्थल भी पर्यटकों से चहक उठे हैं। 15 मई तक समर सीजन के और रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। जिससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।