-
Advertisement
चार साल के जश्न से पहले सुक्खू सरकार लेगी 400 करोड़ का लोन,2 दिसंबर को खजाने में आएगी रकम
Himachal News: आर्थिक संकट से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। एक लाख करोड़ रुपए से अधिक के कर्ज में डूबे प्रदेश पर अब 400 करोड़ रुपए का अतिरिक्त कर्ज बढ़ने जा रहा है।सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने इस नए लोन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य सरकार विकास कार्यों के लिए 400 करोड़ रुपए का यह कर्ज ले रही है। इसके लिए 1 दिसंबर को बोली लगाई जाएगी और 2 दिसंबर को यह राशि सरकारी खजाने में जमा हो जाएगी।
कर्ज से जुड़ी मुख्य बातें:
ब्याज दर और अवधि: सरकार यह कर्ज 7.78 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर 18 साल की अवधि के लिए उठा रही है। इस ब्याज का भुगतान साल में दो बार किया जाएगा।
तकनीकी प्रक्रिया: राज्य सरकार ने सभी आवश्यक मंजूरियां लेने के बाद 24 जून 2026 को जारी किए गए 7.78 प्रतिशत एसजीएस (स्टेट गवर्नमेंट सिक्योरिटीज), 2044 को री-इश्यू किया है।

चार साल के जश्न से पहले बढ़ी हलचल
यह नया कर्ज ऐसे समय में लिया जा रहा है जब सुक्खू सरकार अपने कार्यकाल के चार साल पूरे करने जा रही है। आगामी 11 दिसंबर को सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हमीरपुर जिले के सुजानपुर में एक बड़ा समारोह आयोजित किया जा रहा है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार इस जश्न के दौरान प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को लंबित एरियर की कुछ किस्त देने की घोषणा कर सकती है।
पिछले महीनों में भी लिया गया भारी कर्ज
प्रदेश सरकार द्वारा कर्ज लेने का यह सिलसिला पिछले कई महीनों से जारी है:
सितंबर 2026: सरकार ने 700 करोड़ रुपए का लोन लिया था।
अक्टूबर 2026: सरकार ने दो किस्तों में कुल 1000 करोड़ रुपए (पहले 600 करोड़ और फिर 400 करोड़ रुपए) का कर्ज उठाया था।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
