- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला (Paper Leak Case) तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदेश सरकार की ढुलमुल जांच के विरोध में आज जिला शिमला कांग्रेस कमेटी शहरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राजभवन के समक्ष जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रदेश सरकार को 90 दिन में पुलिस पेपर लीक की रिपोर्ट लाने का अल्टीमेटम दिया।
कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने कहा कि अगर जल्द दोषियों को नहीं पकड़ा गया कांग्रेस की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) की घोषणा के 20 दिन बीत गए हैं, लेकिन अभी की मामले की जांच करने सीबीआई नहीं आई।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी लगातार खत्म होने की बजाय ज्यादा नजर आ रही है। इस उदाहरण आज शिमला में हुआ कांग्रेस प्रचार कमेटी का प्रदर्शन है। पेपर लीक मामले में प्रदर्शन करने के बहाने प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला शिमला में शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन के बाहर जोरदार नारेबाजी भी की और इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करने की भी मांग की।
पुलिस पेपर लीक मामले में प्रदर्शन का हवाला देते हुए कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्य सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की है। जिसमें प्रतिभा सिंह और खेमे के कुछ नेता भी नजर आए हैं। अब देखना होगा कि सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात करने वाली प्रदेश कांग्रेस चुनाव तक कितनी एकजुट हो पाती है या गुटों में बंटती है।
इस प्रदर्शन में विधायक सतपाल रायजादा, विधायक अनिरुद्ध सिंह, विधायक रोहित ठाकुर, विधायक लखविंदर राणा और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन मौजूद रहे। साथ ही साथ जिला शिमला के कुछ नेता जिसमें कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक सोहन लाल, ठियोग से 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी दीपक राठौर, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी, कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान, सुरेंद्र चौहान और शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी मौजुद रहे।
- Advertisement -