- Advertisement -
शिमला। हिमाचल में युवा कांग्रेस (Himachal Youth Congress) द्वारा पेपर लीक मामले में किए जा रहे आंदोलन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने सराहनीय कार्य करार दिया। प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती में उनका बहुत बड़ा योगदान है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस के राज्य पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की रिव्यू बैठक को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि पेपर लीक मामले में उनका आंदोलन बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में आम लोगों को भी जोड़ा जाना चाहिए, क्योंकि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला (Police Recruitment Paper Leak Case) प्रदेश के युवाओं के साथ एक बड़ा धोखा हुआ है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस आंदोलन को गति देने के लिये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी। बैठक में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अपने अपने जिलों में बीजेपी सरकार के खिलाफ किये जा रहे जन आंदोलनों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सगंठन की ओर से जो भी आदेश उन्हें मिलते है उन्हें वह पूरी निष्ठा से पूरा करते है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी (Nigam Bhandari) ने इस दौरान अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के विस्तार में युवाओं को स्थान देने पर प्रतिभा सिंह का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा आगामी विधानसभा चुनावों (Vidhan Sabha Election) में युवा चेहरों को भी मौका दिया जाना चाहिए।
युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर (Yadupati Thakur) ने कहा कि वर्तमान युवा कांग्रेस का दो वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने जिस प्रकार उप चुनावों में अपनी सशक्त भागीदारी निभाई है उसी प्रकार आने वाले चुनावों में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएगी। बैठक से पूर्व गत दिन लदाख में सेना के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने में सात सैनिकों के शहीद होने पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
- Advertisement -