-
Advertisement
टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला, मरा समझ कर जंगल में फेंका, दो दिन बाद मिला जिंदा
Kangra Crime: कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाला सामने आया है। यहां एक टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर उसे जंगल में मृत समझकर छोड़ दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चालक की जान बच गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है । यहां दो लोगों ने किराये पर टैक्सी ली और फिर किसी बात पर हुए विवाद में चालक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसे मरा समझ जंगल में फेंककर फरार हो गए। लेकिन दो दिन बाद पुलिस ने टैक्सी चालक को घायल अवस्था में बरामद कर लिया। गंभीर हालत में उसे डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा में दाखिल करवाया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों चालक को जंगल में फेंकने के बाद टैक्सी को लेकर होशियारपुर की तरफ चले गए थे।
गगरेट जाने के लिए बुक की थी टैक्सी
जानकारी के अनुसारशुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे मझीण इलाके से खुंडियां निवासी अमित कौशल और सुरेश कुमार ने टीहरी पडेला गांव के मेहर सिंह की टैक्सी गगरेट जाने के लिए बुक की। यात्रा के दौरान कलोहा के समीप किसी बात को लेकर उक्त व्यक्तियों का टैक्सी चालक से विवाद हुआ। इसके बाद उन्होंने चालक को वैकल्पिक मार्ग (सीकरा दा भरोह होते हुए कामाख्या मंदिर मार्ग) से वाहन चलाने के लिए बाध्य किया। सुनसान क्षेत्र का लाभ उठाते हुए दोनों ने टैक्सी चालक पर चाकू से हमला किया तथा रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया।
मृत समझकर सुनसान इलाके पर जंगल में छोड़ा
दोनों आरोपियों ने चालक को मृत समझकर सुनसान इलाके पर जंगल में छोड़ दिया। उधर चालक मेहर सिंह से परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया तो उसके भाई प्रताप सिंह ने पुलिस थाना मझीण में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस थाना मझीण की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।दोनों आरोपियों की निशानदेही पर टैक्सी चालक को गंभीर रूप से घायल एवं अचेत अवस्था में मिला। घायल चालक को तत्काल स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद टांडा अस्पताल रेफर कर दिया है। देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपितों की पहचान खुंडियां के टिहरी गांव के अमित कौशल और सुरेश कुमार के रूप में हुई है। उनके खिलाफ मझीण पुलिस थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

