-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/atal-tunnel-1.jpg)
बर्फबारी के बाद पर्यटकों से गुलजार हुआ हिमाचल, अभी एक सप्ताह खराब रहेगा मौसम
शिमला। हिमाचल में भारी बर्फबारी (Snowfall) के बाद शनिवार को मौसम साफ हो गया। लेकिन बर्फबारी से पैदा हुई दुश्वारियां कम नहीं हुईं। बर्फबारी के चलते हिमाचल में अभी भी 278 सड़कें (Road) बंद हैं। भारी बर्फबारी के कारण लाहुल अभी भी कुल्लू से कटा हुआ है। अटल टनल रोहतांग (Atal Tunnel Rohtang) पर्यटकों के लिए शनिवार को दूसरे दिन भी बंद रही। हालांकि टनल को शनिवार शाम तक फोर बाई फोर वाहनों के लिए खोल दिया है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में बर्फबारी से जनजीवन पर पड़ा असर, कई मार्ग हुए अवरुद्ध, बढ़ी मुश्किलें
फिलहाल आपात स्थिति में ही वाहनों को लाहुल घाटी की ओर भेजा जा रहा है। जबकि पर्यटकों को नेहरू कुंड तक भी भेजा जा रहा है। इससे आगे सोलंगनाला तक पर्यटकों को फोर बाई फोर वाहनों में ही जाने की अनुमति दी गई। अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल में दो फीट से अधिक बर्फबारी हुई है।
![snowfall-shimla](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/snowfall-shimla.jpg)
बीते कल हुई बर्फाबारी के बाद से हिमाचल के पर्वतों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। पूरे प्रदेश में इस समय शीतलहर चल रही है। कई हिस्सों में तापमान माइनस डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। वहीं दूसरी तरफ इस सर्द मौसम में भी बाहरी राज्यों से आए पर्यटक (Tourists) बर्फ में खूब मस्ती कर रहे हैं। बाहरी राज्यों से आए पर्यटक मनाली, शिमला और कुल्लू में बर्फबारी के बीच खूब मजे कर रहे हैं। कई सैलानी बर्फ के बीच डांस कर रहे हैं तो कई सैलानियों ने बर्फ के साथ खुबसूरत नजारों को अपने कैमरे में कैद किया। पर्यटकों का कहना है कि वे पहली बार बर्फ होते हुए देख रहे हैं और इन्हें बर्फ में खूब मजा आ रहा है।
![tourists-in-snowfall](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/tourists-in-snowfall.jpg)
26 जनवरी तक खराब रहेगा मौसम
वहीं हिमाचल के आगामी मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार अभी एक सप्ताह तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Center Shimla) के अनुसार प्रदेश में 26 जनवरी तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। 24 और 25 जनवरी के लिए अधिकतर भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 24 जनवरी के लिए मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में भारी बारिश-बर्फबारी, जबकि निचले व मैदानी भागों में ओलावृष्टि-अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मैदानी भागों में 23 जनवरी के लिए भी येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी हुआ है।
![tourists-in-snowfall](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/01/tourists-in-snowfall-1.jpg)
मनाली में 26 से 28 जनवरी तक होंगी प्रतियोगिताएं
बर्फबारी के बाद पर्यटन नगरी मनाली में शीतकालीन खेलों का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही सोलंगनाला की स्की ढलान पर राज्यभर के स्कीयर्स उतरेंगे। 26 से 28 जनवरी तक सोलंगनाला में राज्य स्तरीय स्कीइंग एवं स्नो बोर्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। विंटर गेम्स एसोसिएशन ने प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी हैं।