-
Advertisement
हिमाचल में मौसम के तेवर तल्ख, जबरदस्त शीतलहर- पांच एनएच सहित 563 सड़कें बंद
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम आज भी बिगड़ा हुआ है, आसमान बादल छाए हैं। कई जगहों पर धूप – छाव का खेल जारी है। प्रदेश में जबरदस्त शीतलहर है। रात के समय निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश के साथ कई स्थानों पर ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शिमला के जाखू में करीब आधा फीट बर्फबारी हुई है, जबकि कुफरी, नारकंडा और आसपास के पर्यटन स्थलों पर एक फीट से अधिक बर्फ जमी है। मनाली में भी आधा फीट से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है।इसके अलावा चंबा और लाहौल-स्पीति के कई क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। लगातार बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई इलाकों का संपर्क देश के अन्य हिस्सों से कट गया है। उधर, बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है।
विभिन्न स्थानों पर हजारों पर्यटक फंसें
भारी बर्फबारी-बारिश के चलते पांच नेशनल हाईवे समेत प्रदेश में 563 सड़कें बंद हो गई हैं। अपर शिमला समेत प्रदेश के कई इलाके कट गए हैं। विभिन्न स्थानों पर हजारों पर्यटक फंस गए हैं। कुफरी-फागू से 100 और आनी के रघुपुरगढ़ से 48 को किया रेस्क्यू किया गया है। प्रदेश में 10,384 ट्रांसफार्मर ठप होने से सैकड़ों गांवों में बिजली नहीं है। बारिश-बर्फबारी से फसलों को संजीवनी के साथ पर्यटन को भी पंख लगने की उम्मीद है। शुक्रवार को भी शिमला-मनाली में पर्यटकों ने बर्फबारी के बीच मस्ती की। उधर, मनाली और बंजार उपमंडल के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। मनाली विंटर कार्निवल के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण 23 से 27 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। 24 और 25 जनवरी को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। 27 जनवरी को एक बार फिर कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
