-
Advertisement
OPS, पेंशन व वेतन पर नहीं पड़ेगा असर,संसाधन बढाएंगे -लड़ाई लड़ना और जीतना भी आता हैः सीएम सुक्खू
CM Sukhwinder Singh Sukhu: प्रदेश में RDG बंद होने के बाद सियासी घमासान अपने चरम पर है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली रवाना होने से पहले बड़ा और साफ संदेश दिया है। सीएम ने दो टूक कहा है कि OPS बंद नहीं होगी, कर्मचारियों की पेंशन और वेतन भी मिलेगा और वह भी प्रदेश के अपने संसाधनों से। दिल्ली में कांग्रेस संगठन की बैठक में शामिल होने से पहले सीएम सुक्खू ने कहा कि “मुझे लड़ाई लड़नी भी आती है और उसे जीतना भी आता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि RDG बंद होने से का असर वह गरीबों की योजनाओं पर नही पड़ने देंगे, बल्कि अपने संसाधनों को और मजबूत कर आगे बढ़ेंगे।
गरीबों से जुड़ी कोई भी योजना बंद नहीं होगी
सीएम ने कहा कि वित्त सचिव की प्रेजेंटेशन के बाद भी सरकार OPS पर कोई समझौता नहीं करेगी। गरीबों से जुड़ी कोई भी योजना बंद नहीं होगी और गरीब को उसका पूरा अधिकार मिलेगा। उन्होंने माना कि वित्त विभाग ने RDG को लेकर प्रदेश की स्थिति सामने रखी है, लेकिन इसके बावजूद पेंशन और वेतन सुनिश्चित किए जाएंगे।
प्रयास रहेगा नड्डा से भी मुलाकात हो
दिल्ली दौरे को लेकर CM ने कहा कि वह कांग्रेस संगठन की बैठक में भाग लेंगे और प्रयास रहेगा कि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात हो। आने वाले समय में प्रधानमंत्री से मिलने की भी बात कही और स्पष्ट किया कि हिमाचल के हक के लिए वह कहीं भी, किसी से भी मिलने को तैयार हैं।
ऐसे बयान नहीं देने चाहिए
RDG को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि RDG कोई टेंपरेरी रिलीफ नहीं बल्कि संविधान के तहत राज्यों का अधिकार है, ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।
जयराम ठाकुर के आरोपों पर तीखा हमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के आरोपों पर भी CM ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर झूठ बोल रहे हैं, जबकि प्लानिंग की बैठक में उन्हें स्वयं बुलाया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश हित का मुद्दा है, लेकिन बीजेपी साथ आने को तैयार नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश हित की लड़ाई लड़ रही
CM सुक्खू ने आंकड़ों के जरिए पूर्व सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व जयराम सरकार को 54,256 करोड़ रुपये RDG और करीब 16,000 करोड़ रुपये GST कम्पनसेशन मिला, फिर भी कर्मचारियों का एरियर नहीं दिया गया और न ही कर्ज कम हुआ। इसके विपरीत वर्तमान सरकार को अब तक केवल 17,000 करोड़ रुपये RDG मिला है और वह सीमित संसाधनों में काम कर रही है।साीएम ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश हित की लड़ाई लड़ रही है, जबकि नेता प्रतिपक्ष कुर्सी हित की लड़ाई लड़ रहे हैं।
