-
Advertisement
चलती कार पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, एक महिला की मौत
Last Updated on January 31, 2024 by Himachal Abhi Abhi
Accident: वीरेंद्र भारद्वाज/ मंडी। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी शहर के साथ लगते विंद्राबणी के पास चलती कार पर पहाड़ी से एक पत्थर गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई है। यह हादसा आज दोपहर बाद पेश आया। मिली जानकारी के अनुसार, चार महिलाएं अपने भांजे के साथ पंडोह से जमीन का इंतकाल करवाकर वापिस मंडी की तरफ लौट रही थी। जिस कार में यह सवार थी उसका नंबर एचपी 33 ई 9028 है। जैसे ही यह कार विंद्रावणी में निर्माणाधीन टनलों के पास पहुंची तो पहाड़ी से 20-25 किलो भार वाला एक पत्थर शीशे को तोड़ता हुआ फ्रंट सीट पर बैठी महिला के उपर आ गिरा। इस कारण यह महिला बेहोश हो गई।
कार चालक कीपड़ गांव निवासी यशपाल ने तुरंत प्रभाव से उसी गाड़ी के माध्यम से अपनी घायल बुआ को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 40 वर्षीय प्रोमिला देवी पत्नी राम सिंह निवासी गांव रूंझ डाकघर कटिंडी तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। चालक यशपाल और अन्य तीन महिलाओं को आंशिक चोटें आई हैं और सभी की हालत सामान्य है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।