-
Advertisement
मंडी में आमने सामने टकराई दो निजी बसें, छात्रों सहित 10 यात्री पहुंचे अस्पताल
मंडी। हिमाचल में निजी बस चालकों (Private Bus Driver) की सवारियों के लिए मारा मारी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला मंडी जिला (Mandi District) के पंडार से सामने आया है। यहां दो निजी बसों की आमने सामने जोरदार टक्कर (Bus Accident) हो गई। इस हादसे में स्कूली छात्रों सहित कई लोग घायल हो गए। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:पांवटा के नारीवाला में मोटरसाइकिल की टक्कर से तीन वर्षीय मासूम की मौत
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह वीआईपी कोच निजी बस तत्तापानी से सुंदरनगर व दिवान कोच बस सेगल से निहरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान जब दोनों बसें पंडार के पास पहुंची तो पास लेने के चक्कर में दोनों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में बसों में सवार करीब 10 यात्री घायल (Injured) हो गए। जिसमें स्कूल कॉलेज के बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निहरी पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

