-
Advertisement
HRTC बेड़े में शामिल होंगी 1000 नई बसें, सीएम सुक्खू बोले- 200 हाइड्रोजन बसों का भी है प्लान
CM Sukhvinder Singh Sukhu: हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, हाईटेक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में जल्द ही 1000 नई बसें शामिल की जाएंगी। इसके साथ ही प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में 200 हाइड्रोजन बसें चलाने की संभावनाओं पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। सीएम शुक्रवार को हमीरपुर बस स्टैंड से 35 नई इलेक्ट्रिक बसों (E-Buses) को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य एचआरटीसी को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और जनता को बेहतर सुविधाएं देना है।
इलेक्ट्रिक बसों से आधा होगा परिचालन खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक एचआरटीसी के लिए 297 इलेक्ट्रिक बसें खरीद चुकी है। उन्होंने डीजल और इलेक्ट्रिक बसों के खर्च का तुलनात्मक ब्योरा देते हुए बताया कि इलेक्ट्रिक बस लागत लगभग ₹38 प्रति किलोमीटर है, डीजल बस लागत लगभग ₹70 से ₹75 प्रति किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि ई-बसों की संख्या बढ़ने से निगम के दैनिक परिचालन खर्च में भारी कमी आएगी, जिससे प्रदूषण पर लगाम लगेगी और हिमाचल को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने का संकल्प मजबूत होगा।
HRTC में प्रशासनिक बदलाव: अफसरों की जगह बढ़ेंगे ड्राइवर-कंडक्टर
एचआरटीसी के वित्तीय संकट को दूर करने के लिए सीएम ने निगम के प्रशासनिक ढांचे में बड़े फेरबदल के संकेत दिए हैं।मुख्यालय और उच्च स्तर पर अधिकारियों की संख्या घटाई जाएगी।फील्ड में ड्राइवरों और कंडक्टरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सीएम ने कहा ड्राइवर और कंडक्टर एचआरटीसी की रीढ़ की हड्डी हैं, जो ज़मीन पर बस सेवा का संचालन करते हैं। सरकार का मुख्य ध्यान इसी आधारभूत व्यवस्था को मजबूत करने पर है।”
“शुरुआत में उठे थे सवाल, आज हो रही तारीफ”
अपने पहले बजट में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) नीति लाने के फैसले को याद करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि जब उनकी सरकार ने ई-बसें खरीदने का प्रस्ताव रखा था, तब कई लोगों और राजनीतिक विरोधियों ने उनके अनुभव पर सवाल उठाए थे। हालांकि, आज वही अधिकारी और नीतिकार इस फैसले की सराहना कर रहे हैं।
हमीरपुर को मिलीं अन्य बड़ी सौगातें
हमीरपुर दौरे के दौरान सीएम सुक्खू ने विकास कार्यों की झड़ी लगाई:
जिला लाइब्रेरी का लोकार्पण: हमीरपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नई जिला लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
महाविद्यालय का वार्षिक समारोह: नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता की और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।
कन्या छात्रावास का शिलान्यास: कॉलेज परिसर में छात्राओं की सुविधा के लिए नए कन्या छात्रावास (Girls Hostel) की आधारशिला रखी।
अशोक राणा
