-
Advertisement
हाटी समुदाय पर हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: ST दर्जा बरकरार, सभी याचिकाएं खारिज
High Court’s Decision on Hatti Community: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को बड़ी कानूनी राहत देते हुए उनके अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे को बरकरार रखा है। केंद्र सरकार की अधिसूचना को चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को अदालत ने सिरे से खारिज कर दिया है। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश रंजन शर्मा की खंडपीठ ने इस मामले पर अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि केंद्रीय संसद द्वारा पारित कानून पर हाईकोर्ट न तो कोई रोक लगा सकता है और न ही उसमें कोई संशोधन कर सकता है।
एसटी सूची में बदलाव का अधिकार केवल संसद को: हाईकोर्ट
खंडपीठ ने अपने फैसले में संवैधानिक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी भी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करना है या नहीं, यह तय करने का अधिकार केवल देश की संसद के पास है। हाईकोर्ट के इस निर्णय से पिछले करीब तीन वर्षों से अदालत में लंबित इस मामले का पटाक्षेप हो गया है और गिरिपार क्षेत्र की लगभग तीन से साढ़े तीन लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
वकीलों ने फैसले को बताया ऐतिहासिक
हाटी समुदाय की ओर से अदालत में पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने इसे ऐतिहासिक निर्णय करार दिया। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने साफ कर दिया है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा पहले से तय किए जा चुके सिद्धांतों और मामलों में दखल देने की कोई गुंजाइश नहीं है। वहीं, इस मामले में याचिका दायर करने वाले अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के अधिवक्ता अनिल कुमार मंगेट ने भी हाईकोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है।
केंद्रीय हाटी समिति और उद्योग मंत्री ने जताई खुशी
अदालत के फैसले के बाद पूरे गिरिपार क्षेत्र में खुशी की लहर है। केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने कहा कि उत्तराखंड के जौनसार बावर क्षेत्र को वर्ष 1967 में ही यह दर्जा मिल गया था, जबकि गिरिपार क्षेत्र के लोगों को इसके लिए एक लंबा आंदोलन लड़ना पड़ा। उन्होंने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए इसके लिए केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार जताया।
उधर, प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष और उम्मीदों की जीत बताया। चौहान ने कहा कि यह मुद्दा लंबे समय से सरकार और न्यायालय के समक्ष विचाराधीन था और अब करीब तीन साल बाद फैसला आने से क्षेत्र की लाखों की आबादी को बड़ी राहत मिली है।
संजू चौधरी
