- Advertisement

स्टे ऑर्डर वाली जमीन पर संग्राम- सुंदरनगर में महिला को धक्का देने पर बढ़ा विवाद, पुलिस जांच शरू
Himachal news: मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत चांबी के भराड़ी गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
विवाद की मुख्य वजह
मिली जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब पंडित रामेश्वर की पुत्री उस जमीन पर पहुंची, जिस पर न्यायालय द्वारा स्थगन (स्टे) आदेश जारी होने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के परमानंद आजाद ने महिला के साथ बदसलूकी की, उसका बाजू पकड़ा और उसे धक्का दे दिया। धक्का लगने के कारण महिला जमीन पर गिर गई, जिससे उसकी बाजू में चोटें आई हैं। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करवाया और माहौल को बिगड़ने से रोका। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही दोनों पक्षों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।पुलिस के अनुसार फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है। पुलिस एहतियात के तौर पर पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानूनन उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
संजीव कुमार

