- Advertisement

ज्वाली में सनसनी: आशा वर्कर और बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ#त, बेटा अस्पताल में भर्ती
Himachal News: जिला कांगड़ा के तहत ज्वाली उपमंडल की ग्राम पंचायत धेवा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार की महिला और उसकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं, महिला के बेटे को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए हैं।
रात को एक साथ खाना खाया और सोने चले गए
इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते गरीब परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। शकुंतला देवी (42 वर्ष) पत्नी बुद्धि सिंह आशा वर्कर के रूप में कार्यरत थीं और उसकी बेटी स्थानीय विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। बुद्धि सिंह दिहाड़ी-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस घटना के बाद से उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बुद्धि सिंह ने पुलिस को बताया कि रात को एक साथ खाना खाया और सोने चले गए। सुबह जब पत्नी और बेटी को जगाने का प्रयास किया, तो दोनों मृत थीं। वहीं बेटे उल्टियां आ रही थीं, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसपी नूरपुर इलमा अफरोज, डीएसपी जवाली मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना ज्वाली की टीम तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और गृहस्वामी बुद्धि सिंह के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए तुरंत फोरेंसिक टीम (FSL) को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल में भर्ती बेटे की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी नूरपुर इलमा अफरोज, डीएसपी जवाली वीरी सिंह सहित पुलिस, पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह, बीडीसी नसीब सिंह इत्यादि मौके पर पहुंच गए।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

