-
Advertisement
पांवटा-कालाअंब NH पर दर्दनाक हा#दसा, जेसीबी की टक्कर से युवक की मौ#त, भड़के लोगों ने लगाया जाम
Sirmaur Accident: जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 (NH-07) पर क्यारदा के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार बैकहो लोडर (जेसीबी) की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद आरोपी चालक के मौके से फरार होने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
हादसे का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 26 वर्षीय सौरभ (पुत्र जगदीश) के रूप में हुई है। यह हादसा क्यारदा में ख्वाजा शोरूम के सामने उस समय हुआ जब सौरभ अपनी बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार जेसीबी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सौरभ को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
सड़क पर उतरा लोगों का गुस्सा
हादसे के बाद मशीन ऑपरेटर के मौके से भाग जाने के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एनएचपर यातायात बाधित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
जाम की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझाया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोला और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने बेहडेवाला निवासी नरेश चौधरी की जेसीबी मशीन को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। एसपी निश्चित सिंह नेगी ने हादसे में युवक की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एचके पंडित
