-
Advertisement
कनाडा का वीजा लगाने के नाम पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी, खरड़ से महिला कबूतरबाज अरेस्ट
Visa Fraud Shimla: विदेश जाकर अच्छी नौकरी की चाह रखने वाले कई लोग धोखाधड़ी के भी शिकार हो जाते हैं। हमारे सामने कई ऐसे मामले आते हैं जहां पर लोगों ने अपनी जीवन भर की कमाई विदेश जाने के नाम पर शातिर एजेंटों के हवाले कर दी। इसके बाद ये शातिर भोले भाले लोगों के पैसे लेकर फरार हो जाते हैं। इस में कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। इसी बीच शिमला पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। विदेश भेजने के लिए वीजा बनाने के नाम पर महिला ने शिमला निवासी महिला से 25 लाख की धोखाधड़ी की थी। शिमला पुलिस थाना में शिकायत करने के बाद पुलिस ने चंडीगढ़ के पास खरड़ में दबिश दी और आरोपी महिला मंजू कुमारी को गिरफ्तार किया।
मोबाईल फोन की सिम बदल रहे थे आरोपी
एसपी गौरव सिंह के अनुसार पुलिस थाना बालुगंज दर्ज मामले में शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसकी बहन भावना से कनाडा का वीजा लगाने के लिए आरोपियों ने लगभग 25,00,000 रुपए की राशि की धोखाधड़ी की है। मामला दर्ज होने के बाद जांच के दौरान पंजाब और हरियाणा में आरोपियों की तलाश के लिए टीमें भेजी गई। सम्भावित ठिकानों पर दबिश की गई, लेकिन आरोपी जानबूझ कर अपने मोबाईल फोन की सिम बदल रहे थे और व्हाट्स ऐप कॉल का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद टीम ने खरड़ में दबिश देकर एक फ्लैट से आरोपी मंजू कुमारी को गिरफ्तार किया है।
संजू चौधरी
