-
Advertisement
मंत्री शिवराज चौहान से मिले विक्रमादित्य- डोडराक्वार सड़क काम को जल्द पूरा करने का आग्रह-1200 KM नई सड़कों का प्रस्ताव
Vikramaditya Singh: लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में आज केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। उन्होंने राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ( के तहत स्वीकृत और प्रगति पर चल रही सड़क परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विक्रमादित्य सिंह ने डोडरा क्वार की लंबित सड़क परियोजनाओं और पीएमजीएसवाई‑IV पर विस्तार से चर्चा की।
लंबित परियोजनाओं को पूरा करने की मांग
विक्रमादित्य सिंह ने दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार की लंबित सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने की मांग की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि पीएमजीएसवाई के चरण-1 के अंतर्गत स्वीकृत डोडराक्वार सड़क का एक हिस्सा अब तक क्षेत्र की विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के कारण पूरा नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। यह मार्ग स्थानीय ग्रामीण आबादी, सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य आपातकालीन सेवाओं तथा आवश्यक सामग्री की आपूर्ति की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।
डीपीआर तैयार की जा रही हैं
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल के लिए पीएमजीएसवाई‑IVमें 1500 किमी सड़कों को लगभग ₹2300 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है, और अगले चरण में 1200 किमी अतिरिक्त सड़कों के लिए हमारा प्रस्ताव केंद्र के पास लंबित है। डीपीआर तैयार की जा रही हैं। विक्रमादित्य सिंह ने समस्त जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और भूमि‑स्वामियों से अपील की कि वे अधिकतम संख्या में गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाकर विभाग को सहयोग दें, ताकि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि समय पर उपलब्ध हो सके और राज्य की अधिक से अधिक अनकवर्ड बस्तियों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा सके। इस पर शिवराज चौहान ने हिमाचल की जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए आश्वासन दिया कि डोडरा क्वार के लंबित मामलों और वित्तीय अनुमोदनों को संबंधित स्तरों पर प्राथमिकता से उठाया जाएगा।
पंकज शर्मा
