-
Advertisement
चंबा में युवक की हत्या- सड़क को लेकर चल रहा विवाद बना वजह; तीन आरोपी गिरफ्तार
Chamba Murder: चंबा के चमीणू क्षेत्र में एक युवक की कथित हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक था। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया है। इस मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और दो की तलाश की जा रही है।
सड़क को लेकर चल रहा था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में सड़क को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोनू कुमार के पिता प्रकाश चंद और पत्नी अंजू देवी ने बताया कि कुछ समय पहले सोनू कुमार ने आरटीआई के माध्यम से जानकारी प्राप्त की थी। इसमें कथित तौर पर सामने आया था कि कुछ लोगों के घर सरकारी भूमि पर बने हैं, जहां से गांव के लिए सड़क निकलनी थी। आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर घर बना लिए। सरकारी भूमि पर कब्जे का मुद्दा सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया था।
पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं
परिजनों का कहना है कि सोनू कुमार को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं और मारपीट की शिकायत भी की गई थी।शुक्रवार रात हुए हमले में सोनू कुमार की मौत हो गई। मामले में परिवार ने पांच लोगों पर शक जताया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
रविंद्र चौधरी
