-
Advertisement
नारकंडा में स्कीइंग के गुर सीख रहे 39 विशेष बच्चे, इटली वर्ल्ड विंटर गेम्स में लेंगे हिस्सा
39 special children learning skiing skills in Narkanda: जिला शिमला के तहत आने वाले नारकंडा में ऐसे बच्चों को स्कीइंग सिखाई जा रही है, जो बौद्धिक रूप से अक्षम (Intellectually Challenged) हैं। इन दिनों नारकंडा में स्कीइंग का नेशनल कोचिंग कैंप (National Coaching Camp for Skiing)चल रहा है। शुरुआत में यहां 200 से ज्यादा बच्चों को स्कीइंग सिखाई गई और जिन में से 39 बच्चों का चयन किया गया है, आने वाले वक्त में यह बच्चे प्रदेश के साथ देश का नाम ऊंचा करेंगे।
विंटर गेम्स में 102 देशों के 1 हजार 500 बच्चे आएंगे
स्पेशल ओलंपिक भारत के हिमाचल एरिया के डॉयरेक्टर परीक्षित महदूदिया ने बताया कि बीते तीन साल से यहां सर्दियों के वक्त यह कैंप ( Camp)लगाया जा रहा है। अब इसमें 39 बच्चों का चयन किया गया है। आने वाले वक्त में यह बच्चे इटली में होने वाली वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिस्सा लेंगे। वर्ल्ड विंटर गेम्स में 102 देशों के 1 हजार 500 बच्चे आएंगे। उन्होंने बताया कि यह पैरालंपिक (Paralympics)से अलग हटकर एक मंच है, जहां बौद्धिक रूप से अक्षम बच्चों को आगे बढ़ने का मौका दिया जाता है।
भारत से कुल 49 लोगों का दल जाएगा
नारकंडा में चार अलग-अलग श्रेणियों में बच्चों को स्कीइंग सिखाई जा रही है, इनमें एल्पाइन स्कीइंग, क्रॉस कंट्री, स्नो बोर्डिंग और स्नो शूइंग श्रेणी शामिल है। परीक्षित महदूदिया ने बताया कि यहां स्कीइंग की बारीकियां सीख रहे बच्चे हुनरबाज हैं और निष्ठा के साथ खेल सीख रहे हैं। इटली में होने वाले वर्ल्ड विंटर गेम्स (World Winter Games) में भारत से कुल 49 लोगों का दल जाएगा, इनमें 30 खिलाड़ी, 15 कोच और चार अन्य स्टाफ के लोग शामिल होंगे।
संजू चौधरी

