-
Advertisement
वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को दिल्ली में होगी महारैली, हिमाचल से जाएंगे 15 हजार कार्यकर्ता
Himachal Congress: वोट चोरी के मुद्दे पर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और लेफ्ट एक साथ नजर आए। शिमला पहुंचीं हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने लेफ्ट नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हालांकि, कांग्रेस के मंच पर लेफ्ट नेता मौजूद रहे, लेकिन पोस्टर और बैनर में लेफ्ट का कोई जिक्र नहीं था। वहीं, फ्लाइट का हवाला देकर रजनी पाटिल ने सवालों से भी परहेज किया। रजनी पाटिल ने कहा कि देश में वोट चोरी के खिलाफ सभी विपक्षी दल एकजुट हैं। इंडिया ब्लॉक की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इसमें 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।हिमाचल से 10 से 15 हजार कार्यकर्ता दिल्ली रैली में शामिल होंगे।
ज्ञानेश कुमार ने पूरी-पूरी पार्टियां बेच दीं
रजनी पाटिल ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति के समय ही उनकी निष्पक्षता को लेकर आशंका जताई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने पूरी-पूरी पार्टियां बेच दीं। रजनी पाटिल ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध का पहला चरण 2 अक्टूबर से शुरू किया गया था, जिसके तहत जिला स्तर पर प्रदर्शन किए गए। उन्होंने कहा कि 26 अक्टूबर से विरोध का दूसरा चरण शुरू होगा। इसके तहत जिला स्तर पर प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 12 से 25 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर राजनीतिक चौपालों का आयोजन किया जाएगा। रजनी पाटिल ने लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने की अपील की।
वोट चोरी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ रहा इंडिया ब्लॉक
इस दौरान सीपीआईएम नेताओं राकेश सिंघा और संजय चौहान ने भी कांग्रेस को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष संगठनों को एक साथ आने की जरूरत है। वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वोट चोरी के मुद्दे पर वे कांग्रेस के साथ खड़े हैं। लेफ्ट नेताओं ने केंद्र सरकार पर दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंडिया ब्लॉक वोट चोरी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वे आखिरी सांस तक इस लड़ाई को जारी रखेंगे और 1 नवंबर की रैली में बड़ी संख्या में शामिल होंगे। लेफ्ट नेताओं ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि रैली को रोकने का प्रयास न किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां उन्हें रोका जाएगा, वहीं रामलीला मैदान बना दिया जाएगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
