-
Advertisement
पांवटा गोलीकांड मामला: हरियाणा के 2 आरोपियों सहित 5 और गिरफ्तार- अब तक 8 धरे
पांवटा साहिब। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब (Paonta Sahib) के भूपपुर क्षेत्र में हाल ही में एक युवक के साथ मारपीट के बाद देसी कट्टे से गोली चलाने के सनसनीखेज मामले (Firing Case) में रविवार को पुलिस ने हरियाणा के 2 व्यक्तियों के साथ 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक पुलिस 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को गिरफ्तार पांचों आरोपियों को अदालत में पुलिस रिमांड (Police Remand) के लिए पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: पांवटा में गोलीकांड मामले में 3 गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग हथियार भी बरामद
बता दें कि इसी माह 21 दिसंबर को पांवटा साहिब के भूपपुर में देर शाम शिवपुर बरोटीवाला गांव निवासी 28 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र सोहनलाल पर उस समय आरोपियों ने जानलेवा हमला किया था, जब वह अपनी गाड़ी का काम करवा रहा था। इस दौरान आरोपियों ने गंडासी, रोड व लोहे के पाइप से उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। मारपीट के बाद भागते हुए हमलावरों ने देसी कट्टे (Desi Katta) से फायर कर दिया। वारदात में युवक के बाजू के समीप से गोली निकल गई थी, लेकिन मारपीट में महेंद्र सिंह घायल हो गया था। इसके बाद सीसीटीवी (CCTV) फुटेज व शिकायतकर्ता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपी दीपक चौधरी, साजिद अली व गौरव भंडारी को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में अब रविवार को वारदात में शामिल पांच और आरोपियों मुकुल पुत्र विकास निवासी गांव पुरुवाला तहसील पांवटा, कश्मीर सिंह उर्फ मंगी पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव आमवाला तहसील पांवटा, टेक चंद उर्फ टिंकू पुत्र राम चंद्र निवासी माजरी तहसील व जिला अंबाला हरियाणा, मेहरबान पुत्र कमरउदीन, निवासी गांव मेहरूवाला, डाकघर भंगानी व दीपक सैनी पुत्र विक्रम सैनी निवासी शक्ति कॉलोनी जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर (DSP Paonta Sahib Ramakant Thakur) ने पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार 5 आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शीघ्र ही हमले में इस्तेमाल कट्टे को भी बरामद किया जाएगा। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

