-
Advertisement
Corona Update: हिमाचल में अब तक थोड़ी आफत और बड़ी राहत- जानने के लिए पढ़ें खबर
Last Updated on July 3, 2020 by
शिमला। हिमाचल में आज अब तक कोरोना (Corona) के 7 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 22 लोग ठीक हुए हैं। हमीरपुर से तीन, चंबा से दो, मंडी और सोलन से एक-एक मामला सामने आया है। वहीं, हमीरपुर के 9, कांगड़ा के 6, चंबा (Chamba), शिमला चार, सिरमौर के दो और चंबा का एक कोरोना पॉजिटिव ठीक हुआ हैं। हिमाचल में कुल आंकड़ा 1021 हो गया है। अभी 344 एक्टिव केस हैं। अब तक 658 लोग ठीक हुए हैं और आठ की मृत्यु हुई है। हिमाचल में अब तक 1563 सैंपल जांच को आए हैं। इसमें 445 नेगेटिव रहे हैं। 1116 की रिपोर्ट का इंतजार है। आज के सैंपल में दो ही पॉजिटिव मामले हैं, जोकि हमीरपुर जिला से हैं। बाकी पॉजिटिव केस पेंडिंग सैंपल से हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना ब्रेकिंगः गुम्मा में Delhi से लौटी युवती निकली पॉजिटिव, हिमाचल में अब तक 3 मामले
जिला चंबा (Chamba) में एक व्यक्ति किहार के सालवां क्षेत्र का रहने वाला है। 47 वर्षीय यह व्यक्ति नोएडा (Noida) से घर लौटा था और होम क्वारंटाइन (Home quarantine) में था। बुधवार को इस का सैंपल लिया गया था, जो पॉजिटिव (Positive) पाया गया है। दूसरा मामला पुखरी के मसरुंड का है। यहां पर 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह व्यक्ति भी हाल ही में दिल्ली से चंबा लौटा था और पेड क्वारंटाइन था। मंडी के गुम्मा क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आया है। एक 26 साल की युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। युवती 26 जून को दिल्ली (Delhi) से लौटी है। वहीं आज अब तक पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक हुए हैं। इसमें चार शिमला और एक सोलन से है। हिमाचल में अभी 1017 कुल मामले हो गए हैं। एक्टिव केस 357 हैं और अब तक 641 लोग ठीक हुए है। अब तक आठ की मृत्यु हुई है। इसमें 13 पॉजिटिव मरीज हिमाचल के बाहर चले गए हैं। इनमें सोलन के चार दिल्ली के अस्पताल में इलाज करवाकर ठीक भी हो चुके हैं। जिला सिरमौर में आज दो लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं, जिसके साथ ही जिला में एक्टिव मामलों की संख्या 10 से घटकर 8 हो गई है। आज ठीक हुए लोगों में शिलाई का 24 वर्षीय युवक और हरिपुर मोहल्ला नाहन की 25 वर्षीय युवती शामिल हैं। पॉजिटिव आने के 10 दिन बाद इन दोनों के पहले फॉलोअप सैंपल लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट आज नेगेटिव आई है।
कोरोना मामलों में अब तक कांगड़ा नंबर वन
कोरोना मामलों में कांगड़ा जिला अभी भी हिमाचल में नंबर वन पर है। वहीं, हमीरपुर जिला दूसरे नंबर में है। कांगड़ा जिला में कुल मामले 280 हैं। अभी 102 एक्टिव केस हैं। अब तक 174 लोग ठीक हो चुके हैं और दो की मृत्यु हुई है। दो जिला के बाहर चले गए हैं। हमीरपुर (Hamirpur) में 256 मामले हैं। अभी 79 एक्टिव केस हैं। अब तक 175 लोग ठीक हुए हैं और दो की जान गई है। 113 मामलों के साथ ऊना (Una) तीसरे और 111 मामलों के साथ सोलन चौथे नंबर पर है। ऊना में अभी 23 एक्टिव केस हैं और 90 लोग ठीक हो चुके हैं। सोलन में 48 एक्टिव केस हैं और 63 ठीक हुए हैं। वर्तमान में हिमाचल के 11 जिलों में एक्टिव मामले हैं। कुल्लू में कोई भी मामला नहीं है। कुल्लू में पांच मामले सामने आए थे और पांचों मरीज ठीक हो चुके हैं।