- Advertisement

चलते-चलते आ गई मौत- कुल्लू के आनी में पहाड़ी से गिरे पत्थरों ने ली 70 वर्षीय बुजुर्ग की जा#न
Kullu News: कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ बुआंदा-च्वाई मार्ग पर पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुआंदा गांव के निवासी शिव राम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:20 बजे शिव राम बुआंदा से च्वाई की ओर पैदल जा रहे थे। जैसे ही वह घलाड़ नाला के समीप पहुंचे, तभी ऊपर पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और चट्टानें गिरने लगीं। शिव राम को संभलने का मौका नहीं मिला और वह एक बड़े पत्थर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत देवदूत बनकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल बुजुर्ग को मलबे से निकाला और आनन-फानन में उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कानूनी कार्रवाई और फौरी राहत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने अस्पताल और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, राजस्व विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली है। प्रशासन की ओर से मृतक के पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में 25, हजार रुपये की अंतरिम आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।
प्रशासन की जनता से अपील
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और चट्टानें खिसकने का खतरा बेहद बढ़ गया है। इस खतरनाक स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि लोग मौसम को ध्यान में रखकर ही यात्रा करें और जोखिम वाले क्षेत्रों व भूस्खलन संभावित रास्तों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें।
छविंद्र शर्मा

