-
Advertisement
बाहर से Himachal आने वालों को लेकर सरकार का फैसला, शुरू होगा ‘निगाह’ कार्यक्रम
शिमला। बाहरी राज्यों से हिमाचल (Himachal) आने वाले लोगों के परिजनों को शिक्षित, संवेदनशील बनाने और सामाजिक दूरी को सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार एक नया कार्यक्रम ‘निगाह’ आरंभ करेगी। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने आज यहां से प्रदेश के डीसी (DC), एसपी और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से यह जानकारी दी। सीएम ने कहा कि प्रदेश के हज़ारों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे पड़े हैं और इस स्थिति में यह आवश्यक है कि घर वापसी करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समुचित स्वास्थ्य जांच करने के साथ-साथ उसकी यात्रा का पूरा विवरण लिया जाए। आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का दल बाहरी राज्यों से वापस हिमाचल लौटने वाले लोगों के घर-घर जाकर उनके परिजनों को सामाजिक दूरी बनाए रखने के महत्व के बारे में शिक्षित करेगा।
यह भी पढ़ें: Home Quarantine के आदेशों का उल्लंघन कर बेचने लग पड़ा सब्जी, केस
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से वापस अपने पैतृक स्थान लौटने की इच्छा रखने वाले लोगों को क्रमबद्ध तरीके से पास जारी किए जाएं, ताकि राज्य के प्रवेश द्वारों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र ना हो सके। इससे जिला प्रशासन को भी इन लोगों की समुचित निगरानी के लिए प्रबंध और क्वारंटाइन (Quarantine) सुविधा प्रदान करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रवेश करने वाले लोगों को आरोग्य सेतु ऐप (Arogya Setu App) डाउनलोड करने के लिए कहा गया है और साथ ही यह निर्देश भी दिए गए हैं कि उन्हें सामाजिक दूरी बनाए रखने के महत्व के बारे में आवश्यक सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री वितरित की जाए।
जयराम ठाकुर ने निर्देश दिए कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के घरों को उचित तरीके से चिन्हित किया जाए, ताकि उस मोहल्ले में रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी हो। पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों को यह सुनिश्चित बनाना होगा कि बाहर से आए लोग निर्धारित समय तक अपने घरों में क्वारंटाइन की अवधि पूरा करें। इसके साथ ही उन्हें ऐसे लोगों के परिजनों को भी अपने परिवार में सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित करना होगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश ने कोविड-19 (Covid-19) महामारी पर नियंत्रण पाने की दिशा में सफलतापूर्वक कार्य किया है और हिमाचल मॉडल को आज देश भर में सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी जो होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करेंगे, क्योंकि उनकी लापरवाही से ना केवल उनका परिवार बल्कि पूरा समाज जोखिम में आ सकता है।
यह भी पढ़ें: बिना मास्क व बेवजह घूमने वाले 6 लोग 14 दिन के लिए संस्थागत Quarantine में भेजे
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों और बाहरी राज्यों में फंसे यहां के लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और बाहर से लोगों को वापस लाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि लोग सरकार के प्रयासों में सहयोग दें और इस महामारी पर पूर्ण नियंत्रण के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनुपालना करें। मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को रोज़गार प्रदान कर यहीं रहने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। इससे प्रदेश में विकास कार्य और कृषि गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी।


