-
Advertisement
72 दिन बाद 200 हिमाचलियों को लेकर ऊना पहुंची Janshatabdi Express, सुबह दिल्ली रवाना
ऊना। जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब 72 दिन बाद नई दिल्ली से रेलवे स्टेशन ऊना पहुंची। यह गाड़ी लगभग 200 हिमाचलियों को नई दिल्ली सहित हरियाणा और पंजाब से ऊना (Una) लेकर आई है। इसके साथ ही ऊना रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी का नियमित आवागमन शुरू हो गया है। मंगलवार सुबह अपने निर्धारित समय 5 बजे ऊना रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस (Janshatabdi Express) करीब 298 लोगों को लेकर नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। लॉकडाउन के चलते देशभर की रेल सेवाओं के साथ जनशताब्दी एवं ऊना आने वाली अन्य रेल सेवाओं को रद्द कर दिया गया था। वहीं अब हिमाचल की एकमात्र ब्रॉडगेज लाइन पर लॉकडाउन के पांचवें चरण में दोबारा रेल सेवाओं का आगाज़ कर दिया गया है। सोमवार रात डीसी ऊना संदीप कुमार की अगुवाई में प्रशासनिक अमले ने जन शताब्दी का ऊना रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया। इसके साथ ही ऊना पहुंचे सभी यात्रियों को सैनिटाइजेशन, थर्मल स्क्रीनिंग, भोजन और पानी आदि की व्यवस्था पहले पहुंची विशेष रेलगाड़ियों में सफर कर रहे लोगों की तरह ही की गई थी।

एचआरटीसी के तीन रूट विशेष रूप से चलाए गए
ऊना रेलवे स्टेशन (Una Railway Station) से अपने गंतव्य तक जाने के लिए जहां कुछ लोगों ने निजी साधनों का प्रयोग किया, वहीं अन्य लोगों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों से उनके गृह जिलों को भेजा गया। जिसके लिए एचआरटीसी के तीन रूट विशेष रूप से चलाए गए इनमें से पहला रूट ऊना से कांगड़ा वाया देहरा, दूसरा रूट ऊना से मंडी वाया बिलासपुर एवं तीसरा रुट ऊना से हमीरपुर वाया नादौन होते हुए रवाना किया। जबकि हमीरपुर से वापसी पर यह बस बड़सर होते हुए ऊना लौटी। रेल सेवा शुरू होने से सैकड़ों यात्रियों ने राहत की सांस ली है। लॉकडाउन के चलते कुछ हिमाचली दिल्ली सहित अन्य राज्यों में फंसे थे। दिल्ली से ऊना आई जनशताब्दी ट्रेन में पहुंचे यात्रियों ने सरकार का आभार जताया वहीं घर वापसी पर ख़ुशी भी व्यक्त की।

हिमाचल में फंसे बाहरी राज्यों के लोगों को भेजा वापस
वहीं, लॉकडाउन के बीच बाहरी राज्यों के कई लोग हिमाचल के कुछ जिलों में फंसे हुए थे और कई लोग अपने काम धंधे को छोड़ हिमाचल पहुंचे हुए थे। जिन्हें रेल सेवा शुरू होने से मंगलवार सुबह ऊना से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। रेलगाड़ी में अपने घर, कार्यालय और व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने में सुविधा मिली। डीसी ऊना संदीप कुमार ने बताया कि जनशताब्दी रोजाना दिल्ली से ऊना पहुंचेगी और ऊना से दिल्ली जाएगी। डीसी ऊना ने बताया रात को दिल्ली से ऊना पहुंचने पर यात्रियों को सेनेटाइजेशन, थर्मल स्क्रीनिंग और खाने के पैकेट दिए जाएंगे वहीं, तीन रूट पर निगम की बसें उपलब्ध करवाई जाएगी जिसका किराया यात्रियों को स्वयं देना होगा। वहीं, ऊना से ट्रेन में जाने वाले यात्रियों की भी थर्मल स्क्रीनिंग के अलावा खाना उपलब्ध करवाया जाएगा।


