-
Advertisement
क्वारंटाइन से IGMC Shimla लाए गए 42 वर्षीय शख्स की मौत, Sample की रिपोर्ट बताएगी पूरा सच
शिमला। हिमाचल प्रदेश में क्वारंटाइन चल रहे एक शख्स की आईजीएमसी शिमला (IGMC Shimla) में मौत की खबर सामने आ रही है। 42 वर्षीय कोरोना संदिग्ध शिमला स्थित आईजीएमसी अस्पताल के ट्राइस वॉर्ड में दाखिल था। ट्राइस वार्ड में कोरोना संदिग्धों को रखा जाता है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर से संदिग्ध मरीज़ को शुक्रवार को ही शिमला स्थित आईजीएमसी भेजा गया था। इससे पहले दिल्ली से आया यह शख्स बिलासपुर में क्वारंटाइन (Quarantine at Bilaspur) में था। उसे उल्टी-दस्त की शिकायत थी, उसे गंभीर हालत में आईजीएमसी शिफ्ट किया गया था। ऐसा भी कहा जा रहा है कि आईजीएमसी शिमला में मृतक के कोविड सैंपल (Covid Sample) लिए गए हैं, दोपहर बाद रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि मृतक कोरोना संक्रमित था या नहीं।
हिमाचल में कोरोना के कुल 393 मामले
हिमाचल में अब कोरोना के कुल 393 मामले हो गए हैं। शुक्रवार को 10 नए केस मिले हैंए प्रदेश में सबसे अधिक 120 मामले हमीरपुर जिले में हैं। इसके बाद 101 मामले कांगड़ा जिले में ,ऊना में 41, सोलन में 31, चंबा में 29, बिलासपुर में 29, मंडी में 20, शिमला में 12, सिरमौर में 11, कुल्लू में 4 और किन्नौर में दो मामले हैं। वहीं, प्रदेश में अब तक पांच लोगों की मौत हुई, इसमें दो मौतें मंडी, एक हमीरपुर, एक शिमला और एक कांगड़ा में हो चुकी है। अब ये संदिग्ध मौत का मामला रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


