-
Advertisement
Himachal में फिर बिगड़ेगा मौसम, इस दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
Last Updated on August 8, 2020 by saroj patrwal
शिमला। प्रदेश में पल पल बदलते मौसम के बीच शुक्रवार को हिमाचल के कई क्षेत्रों में भारी बारिश (Heavy Rain) हुई है। इस बारिश से जहां प्रदेश के नदी नालों में पानी का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, प्रदेश की 48 सड़कें बंद हो गई। भारी बारिश से प्रदेश के कई क्षेत्रों में भूस्खलन की भी खबरें सामने आई हैं। वहीं, रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर लगातार तीसरे दिन बर्फबारी (Snowfall) हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने नौ अगस्त को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट (Yellow alert) जारी किया है। पूरे प्रदेश में 13 अगस्त तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
यह भी पढ़ें: प्रदेश में भारी बारिश से 179 सड़कें बंद, पांच अगस्त तक सताएगा मौसम
राजधानी शिमला में शुक्रवार को दिन भर हल्की बारिश का दौर जारी रहा। जबकि धर्मशाला, सोलन, कांगड़ा, डलहौजी और मनाली में बारिश हुई। मंडी जिला के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई जिसके चलते एक स्कूल भूस्खलन (Landslide) की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्कूल में रखे डेस्क सहित अन्य सामान दब गया। स्कूल के नए भवन पर भी खतरा मंडराने लगा है। इसी तरह से जिला कुल्लू में गुरुवार रात से हो रही भारी बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। जिससे यहां के लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। भारी बारिश से ब्यास नदी भी उफान पर बह रही है। जिला में आधा दर्जन सड़कें ठप पड़ी हुई हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से ब्सास नदी के किनारे ना जाने की अपील की है। मनाली और बंजार में 22 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। मंडी जिला के अधिकांश क्षेत्रों में हुई बारिश से करीब तीन दर्जन सड़कें प्रभावित हुई हैं। रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों में ताजा बर्फ के फाहे गिरने से लाहुल में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मनाली-लेह मार्ग पर भी बारिश से मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। जिला कांगड़ा के उपमंडल नूरपुर के तहत कंडवाल में सड़क पर खड़े एक ट्रक पर पेड़ गिर गया जिससे एनएच-154 करीब एक घंटा बंद रहा।