-
Advertisement
#Una : एचएएस अधिकारी के घर में सेंधमारी, लाखों के सामान पर किया हाथ साफ
ऊना। जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव अप्पर बसाल स्थित महिला एचएएस अधिकारी (Female HAS officer) के पुश्तैनी मकान में सेंधमारी (Theft) का मामला सामने आया है। घटना में चोर इस महिला अधिकारी के घर में रखे करीब एक लाख रुपए के सामान पर हाथ साफ कर गए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलते ही घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि महिला अधिकारी ने अपने इस पुश्तैनी मकान में करीब 8 सीसीटीवी इंस्टॉल किए थे और उनका संपर्क ऑनलाइन तरीके से सीधे अपने मोबाइल में किया हुआ था, लेकिन अप्रैल माह में लॉकडाउन के दौरान उनका सीसीटीवी के साथ संपर्क टूट गया।
ये भी पढ़ें – Una: संतोषगढ़ और अंदौरा में दो ने निगला जहरीला पदार्थ, गई जान
शिमला जिला (Shimla District) के कुमारसैन में करीब 6 माह तक बतौर एसडीएम सेवाएं देने के बाद जब उक्त महिला अधिकारी मंगलवार को अपने घर पहुंची तो उन्हें इस वारदात का पता चला। जानकारी के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में महिला अधिकारी ने बताया कि मार्च 2020 में उनका तबादला शिमला जिला के कुमारसैन में एसडीएम के रूप में किया गया था। इस दौरान उन्होंने अपने बुजुर्ग मां के साथ अपना पुश्तैनी मकान छोड़ने से पूर्व यहां 8 सीसीटीवी इंस्टॉल किए और उनका संपर्क अपने मोबाइल से ऑनलाइन कर लिया ताकि वह घर पर पूरी निगरानी रख सकें, लेकिन लॉकडाउन के दौरान अप्रैल 2020 में ही उनके मोबाइल और सीसीटीवी का संपर्क टूट गया। इसके बाद उन्हें भी घर वापस आने का मौका नहीं मिला। अब उनका तबादला नई जगह किया गया है जिसके बाद वह अपने घर पहुंची थी। जहां उन्होंने अपने घर के पिछले दरवाजे को टूटा हुआ पाया।
हिमाचल की ताजा अपडेट Live देखने के लिए Subscribe करें आपका अपना हिमाचल अभी अभी Youtube Channel
घर के अंदर के हालात देखकर महिला अधिकारी के होश फाख्ता हो गए। जहां उन्होंने अपने हर कमरे को खुला पाया, वहीं हर कमरे में रखा सामान भी पूरी तरह से बिखरा हुआ था। घर के अंदर रखे दो एलईडी टीवी, सीसीटीवी का डीवीआर, चांदी की पायल, पीतल के बर्तन करीब 16 हजार रुपए की नकदी समेत लगभग एक लाख रुपए का सामान गायब पाया गया। पुलिस को दी शिकायत (Complaint) में महिला अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस चोरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं है कि यह चोरी कब की गई है, लेकिन यह चोरी अप्रैल माह के बाद हुई है इस बात की उन्होंने अपने सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुष्टि की है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने एचएएस अधिकारी चेतना खड़वाल की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

