-
Advertisement
अनुराग की लताड़ के बाद फिल्ड में पहुंचे अधिकारी, मास्टर प्लान तैयार करने के दिए निर्देश
ऊना। पीजीआई सेटेलाइट सेंटर (PGI Satellite Center) के निर्माण में हो रही देरी पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Union Minister Anurag Thakur) की लताड़ के बाद प्रशासन के अधिकारी कार्यालय छोड़कर फील्ड में जा पहुंचे। सोमवार को वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती (Satpal Singh Satti) और डीसी ऊना राघव शर्मा ने जिला मुख्यालय से सटे मलाहत स्थित पीजीआई सेटेलाइट सेंटर की प्रस्तावित साइट का दौरा क़िया। इस दौरान पीजीआई प्रशासन द्वारा सेटेलाइट सेंटर अस्पताल निर्माण की कंसलटेंसी के लिए हायर की गई निजी एजेंसी हाइट्स के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान हाइट कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जिला से राजस्व, लोक निर्माण, जनशक्ति समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। निजी कंपनी के इंजीनियरों को संबंधित अधिकारियों के साथ मुलाकात करवाते हुए हर विभाग से जुड़ी जरूरतें मुहैया कराने की बात कही गई।
यह भी पढ़ें: अनुराग की क्लास में PGI के अधिकारियों ने साधी चुप्पी, क्या है मामला-जाने
गौरतलब है कि करीब 2 दिन पूर्व हुई एक ऑनलाइन बैठक (Online Meeting) के दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के निर्माण में हो रही देरी को लेकर पीजीआई प्रशासन के अधिकारियों (PGI Administration officials) को जमकर लताड़ लगाई थी। अनुराग ठाकुर द्वारा दी गई घुड़की के महज 2 दिन के बाद कंपनी के अधिकारी दफ्तर छोड़कर फील्ड में आ पहुंचे हैं। इस दौरान हाइट कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के संबंध में जल्द मास्टर प्लान (Master Plan) तैयार किया जाए। जिसके तहत यह साफ हो सके कि कहां अस्पतालों का निर्माण होगा और कहां पर आवासीय कॉलोनियां बनाई जाएंगी। पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के निर्माण कार्य में तेजी लाने का फैसला लिया गया है और इसके लिए कंसल्टेंसी एजेंसी के अधिकारी भी अब ऊना में ही रहेंगे। वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के निर्माण के लिए 403 कनाल भूमि प्रदान की गई है जिसके लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार करके अस्पताल को मूर्त रूप दिया जाएगा।


