-
Advertisement
हिमाचल में यहां आग ने मचाया तांडव, 5 परिवार हुए बेघर; 38 लाख का नुकसान
Last Updated on November 28, 2021 by Vishal Rana
गोहर/जंजैहली। हिमाचल के मंडी (Mandi) जिला में आज यानी रविवार को एक दो मंजिला मकान में आग लग गई। आग (Fire) लगने से लगभग पूरा मकान जलकर राख हो गया। यह आग की घटना सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली के ढबोला में पेश आई। इस आगजनी में 5 परिवार बेघर हो गए हैं। वहीं इस आगजनी में करीब 38 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। इसमें गहने व नकदी भी शामिल है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: मजदूरों की 20 झोंपड़ियां जलकर राख, कुछ भी नहीं बचा पाए पीड़ित
मिली जानकारी के अनुसार पंचायत सगलवाड़ा के केउलीनाल के ढबोला गांव में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। इस आग की घटना में 5 परिवारों का संयुक्त 16 कमरों का रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। हालांकि इस आगजनी में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ग्रामीण राजस्व अधिकारी शिल्हीगाड़ महेंद्र कुमार ने बताया कि यह मकान गोविंद राम, धनी राम, भाग सिंह, मुरारी लाल और मोहन लाल पुत्र झाबे राम गांव ढबोला का था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में यहां सुबह सवेरे लग गई आग, लाखों का हो गया नुकसान
रविवार सुबह घटना के समय घर के सभी सदस्य खेतों में काम करने गए थे। मकान से जैसे ही आग की लपटें निकलीं तो परिवार के लोग शोर मचाते हुए खेतों से घर की ओर भागे। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरा घर इसके आगोश में समा गया। वहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग का वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सब राख हो चुका था। एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से 10.10 हजार रुपए और तिरपाल बांट दिए गए हैं। एसएचओ जंजैहली संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।