-
Advertisement
बर्फ से लकदक हुए हिमाचल के पहाड़, मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी
Last Updated on December 6, 2021 by Vishal Rana
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ बर्फ से सराबोर हो गए हैं। रविवार से लगातार प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी (Snowfall) का दौर जारी है। प्रदेश के निचले इलाकों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही है। पर्यटन नगरी मनालीमें सीजन की पहली बर्फ़बारी हुई है। मनाली शहर में दो इंच, जबकि पलचान, सोलंग व कोठी गांव में आधा फीट से अधिक बर्फबारी हुई है। इस बार छह दिसंबर को पहला हिमपात हुआ है। ताजा हिमपात के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 03 मनाली से केलांग मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बीआरओ से अगली मंजूरी मिलने तक बंद कर दिया गया है।
आधी रात को बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी होटलों से बाहर निकल आए। रोहतांग सहित लाहुल और मनाली की चोटियां बर्फ से लद गई हैं। लाहुल की समस्त घाटी में बस सेवा प्रभावित हुई है। अटल टनल के नार्थ पोर्टल पर बर्फगिरी हुई है। रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट, जबकि जिला मुख्यालय केलंग में आधा फीट ताजा हिमपात हुआ है। उधर किन्नौर के निचले क्षेत्र में भी ताजा हिमपात हुआ है। जिले के आसरंग, नेसङ्ग, छितकुल, रकछम में करीब 4 से 5 इंच बर्फबारी दर्ज की गई है, जिस कारण यहां ठंड काफी बढ़ गई है।
भारत और चीन सीमा पर बसा किन्नौर जिले का छितकुल गांव बर्फ की सफेद चादर में पूरी तरह ढक चुका है। जिले में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कई मार्ग अवरुद्ध हैं। . प्रशासन ने भी जनता से बर्फबारी के चलते वाहनों को चलाने में सतर्कता और सावधानी बरतने को कहा है। पिछले साल 16 नवम्बर को जबकि 2019 में 12 दिसंबर को पहली बर्फबारी हुई थी। शिमला जिला के खड़ पत्थर व नारकंडा में भी बर्फ गिरी है। रविवार को राजधानी शिमला (Shimla) में भी सीजन की पहली बर्फबारी (Snowfall) हुई है। शिमला के छराबड़ा कुफरी में शाम के समय हल्की बर्फबारी हुई। शिमला जिला के खड़ापत्थर, चूड़धार, चांशल, नारकंडा में भी इस सीजन का पहला हिमपात हुआ है। इसके अलावा चौपाल के खड़की में भी बर्फ़बारी दर्ज की गई। बर्फबारी से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। वहीं आज रोहतांग सहित पहाड़ों पर भी हिमपात हुआ। इसी तरह से मनाली, चंबा सहित कांगड़ा जिला में भी बारिश का दौर जारी है। ताजा बर्फबारी के चलते एचआरटीसी (HRTC) केलांग डिपो ने कुल्लू और मनाली के लिए केलांग और उदयपुर से चलने वाली बसों को बंद कर दिया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group