-
Advertisement
हिमाचल: जाहलमा नाले में आई बाढ़, चंद्रभागा नदी का बहाव रुका
हिमाचल प्रदेश के जिला लाहुल-स्पीति की लाहुल घाटी में बीती रात के समय जाहलमा नाले में भारी बाढ़ (Flood) आ गई। बाढ़ के कारण काफी मलबा चंद्रभागा नदी में पहुंच गया और नदी का बहाव भी रुक गया। इतना ही नहीं बहाव रुकने से जोबरंग गांव में बड़ी झील बन गई है, जिससे नदी के किनारे लगते खेत भी पानी की चपेट में आ गए हैं। लाहुल-स्पीति पुलिस ने स्थानीय लोगों से नदी-नालों के किनारों पर ना जाने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें-हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, 150 से ज्यादा सड़कें बंद, परेशानी में लोग
जोबरंग गांव के पूर्व प्रधान सोमदेव योकी ने बताया कि नदी में बनी झील अगर अचानक से खुलती हैं तो उस हालत में जसरथ से आगे उदयपुर तक नदी किनारे लोगों को भयंकर खतरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि जोबरंग गांव में नदी के पानी की झील के कारण कई लोगों के खेत इसकी चपेट में आ गए हैं और फसलें भी खराब हो गई हैं। उन्होंने इस बारे जिला प्रशासन को भी सूचित कर दिया है। उनका कहना है कि स्थानीय लोगों के मन में डर बना हुआ है कि अगर नदी का प्रवाह सामान्य नहीं हुआ तो साथ लगते गांव भी डूब सकते हैं।

वहीं, लाहुल-स्पीति (Lahaul Spiti) के एसपी मानव वर्मा ने बताया कि पुलिस कर्मियों को जगह-जगह तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। नदी का पानी अपना रास्ता बना रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों से आग्रह है कि वह नदी-नालों के किनारे बिल्कुल भी ना जाए।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


