-
Advertisement
एनएसआईसी मंडी में नाबार्ड दिलाएगा 565 महिलाओं को मुफ्त प्रशिक्षण
मंडी। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम का प्रशिक्षण केंद्र (एनएसएसआईसी) मंडी में वर्ष 2022-23 में आगामी तीन महीने का प्रशिक्षण देने जा रहा है। इसके अलावा गांव-गांव जाकर 25-25 महिलाओं के समूहों को एक माह का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नाबार्ड एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र मंडी में कटिंग, बैग मेकिंग, कुशन मेकिंग, निटिंग मशीन ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर एकाउंटिंग आदि कोर्स में करीब 565 प्रशिक्षुओं को मुफ्त प्रशिक्षण देने जा रहा है। इन कोर्सों के लिए 18 प्लस आयु के इच्छुक उम्मीदवार एन.एस.आई.सी. मंडी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में नौकरी का मौका, 150 पदों पर भर्ती के लिए कल से शुरू होंगे साक्षात्कार
जानकारी के अनुसार इसमें स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को वरीयता दी जायेगी, ताकि वे अपने समूहों का अच्छे से प्रबंधन कर सकें और अपनी आजीविका भी बढ़ा सके। लघु उद्योग निगम मंडी के प्रबंधक लोकेश भाटिया ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के एक सदस्य यहां कंप्यूटर व एकाउंट्स का प्रशिक्षण हासिल कर सकते हैं। इससे उनके समूहों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के बाद ग्रामीण बैंक के माध्यम से नाबार्ड की वित्तीय सहायता योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर सकें।

उन्होंने बताया कि एनएसआईसी के पास आधुनिक क्वालिटी की प्रशिक्षण सुविधा व प्रशिक्षक उपलब्ध हैं। इसका बेरोजगार युवक-युवती, स्वयं सहायता समूह व महिला मंडल आदि को काफी फायदा होगा। इन कोर्सों के बाद प्रतिभागियों को एन.एस.आई.सी. की ओर से प्रमाण पत्र दिए जायेंगे। इससे उनको अपना व्यवसाय शुरू करने और रोजगार दिलाने में नाबार्ड व निगम मिलकर सहायता करेंगे। इसके अतिरिक्त एनएसआईसी मंडी स्वयं सहायता समूहों, अन्य लघु उद्यम (एमएसएमई) रजिस्ट्रेशन व अन्य संबंधित योजनाओं को लघु उद्योगों तक पहुंचाने में भी मदद करेगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

