-
Advertisement
HRTC के BOD की बैठक में कर्मियों के लिए 3% डीए को मंजूरी
शिमला। HRTC के नवगठित निदेशक मंडल (BOD) की सोमवार को यहां हुई पहली बैठक में कर्मचारियों को सरकार द्वारा जारी किया गया 3 फीसदी डीए (DA) तत्काल प्रभाव से जारी करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर एक्स ग्रेशिया लाभ को नियमित कर्मचारी के लिए 55 हजार रुपए से बढ़ाकर 1.50 लाख और अनुबंध कर्मचारी के लिए 1 लाख रुपए करने पर भी हामी भरी गई है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निगम की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने और आय के साधन बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस खरीद सहित अन्य प्रकार की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। निगम में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री आज होटल पीटर हॉफ में निदेशक मंडल की 153वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि समय के साथ निगम की विभिन्न देनदारियों को निपटाया जाएगा। सरकार हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में 556 नई बसों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें से 196 बसों को निगम के बेड़े में शामिल कर लिया गया है। शेष 360 बसों को जल्द परिवहन निगम के बेड़े में शामिल किया जाएगा। इन बसों में इलेक्ट्रिक, वॉल्वो और डीजल बसें शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 225 अन्य इलेक्ट्रिक बसों को जल्द सरकार निगम में शामिल करने जा रही है। इसका प्रोटोटाइप तैयार कर लिया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जीरो बुक वैल्यू की बसों को निगम के बेड़े से बाहर किया जाएगा।

