-
Advertisement
दलाईलामा बोले- आपसी बातचीत ही शांति स्थापित करने का एकमात्र तरीका
धर्मशाला। पूरा विश्व मौजूदा समय में बहुत कठिन दौर से गुजर रहा है। दुनिया के अधिकांश हिस्सों में लड़ाई-झगड़ों के कारण लोगों को प्रभावित होते देखना बेहद दुखदायी है। हथियारों से होने वाले नुकसान के स्थान पर आपसी बातचीत ही शांति स्थापित करने का एकमात्र तरीका है। शांति, सौहार्द और मानवता का यह संदेश तिब्बती धर्मगुरू दलाईलामा (HH The Dalai Lama) ने फिनलैंड के नवनियुक्त प्रधानमंत्री पेटेरी ओरपो को लिखे अपने पत्र में दिया है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि वह कई बार फिनलैंड (Finland) गए हैं। वहां के लोगों ने प्रेम और करुणा विकसित करने, मानवता की एकता की सराहना करने और अंतर-धार्मिक सद्भाव के महत्व को स्वीकार करने के बारे में जो कुछ भी कहा है, उसमें दिखाई गई रुचि से वह बहुत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने लिखा है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को शांतिपूर्ण तरीकों से वैश्विक मतभेदों को हल करने के ठोस प्रयास करने चाहिए। दलाईलामा ने फिनलैंड के नवनियुक्त प्रधानमंत्री की सफलता की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपने देश के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ विश्व में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे और आने वाली चुनौतियों का भी सामना करेंगे।
