-
Advertisement
हिमाचल के पूर्व वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता राजिंदर सिंह डोगरा CAT में बने जज
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता (Former Senior Additional Attorney General ) और बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन अधिवक्ता राजिंदर सिंह डोगरा को केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल (CAT) में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत के राष्ट्रपति की ओर से इस संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई है। उन्हें 30 दिन के भीतर जम्मू बेंच में तैनाती दी गई है।
राजिंदर सिंह डोगरा का जन्म 12 दिसंबर 1967 को शिमला (Shimla) जिला के रोहड़ू क्षेत्र में हुआ था। अपनी प्रारंभिक पढ़ाई इन्होंने शिमला से की। इन्होंने बीएससी और अंग्रेजी विषय में एमए करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से विधि की उपाधि प्राप्त की। इन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय में भी स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। ये पिछले 23 वर्षों से हिमाचल हाईकोर्ट में वकालत कर रहे हैं। इस दौरान इन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के मामलों की हाईकोर्ट के समक्ष पैरवी भी की। वर्ष 2002 से 2005 तक ये केंद्र सरकार के अधिवक्ता रहे। वर्ष 2008 से 2009 तक वे हिमाचल सरकार में उप महाधिवक्ता के पद पर रहे। वर्ष 2009 से 2013 तक इन्होंने अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके अतिरिक्त वे वर्ष 2011 में हिमाचल बार काउंसिल के सदस्य और 2012 में चेयरमेन चुने गए। वर्ष 2016 में इन्हें केंद्र सरकार ने वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया। वर्ष 2020 में इन्हें हिमाचल सरकार में एक बार फिर से वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता नियुक्त किया गया।

