-
Advertisement
पीएम मोदी ने आज इन 6 महिलाओं को दी है खास जिम्मेदारी, जानें इनके बारे में
PM Modi Social Media Accounts: आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Womens Day) है और ये दिन कुछ खास है। आज पीएम नरेंद्र मोदी(PM Narendra Modi) के सोशल मीडिया अकाउंट्स को संभालने की जिम्मेदारी 6 महिलाओं को दी गई है। उन्होंने शनिवार सुबह अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट लिखी और महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन किया। उन्होंने लिखा कि हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। आज जैसा कि वादा किया गया था, मेरे सोशल मीडिया अकाउंट को उन महिलाओं द्वारा संभाला जाएगा, जो अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।
https://twitter.com/narendramodi/status/1898204390387028330
इसके बाद छहों महिलाओं ने उनका अकाउंट टेकओवर (Account Takeover) किया और संभाला। इसके जरिए पीएम मोदी ने महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने की कोशिश की है। ये महिलाएं देश के अलग-अलग कोनों से हैं। जिन महिलाओं को ये अहम जिम्मेदारी मिली, उनके नाम हैं- तमिलनाडु की चेस प्लेयर वैशाली रमेशबाबू, मशरूम लेडी ऑफ बिहार अनीता देवी, ओडिशा की साइंटिस्ट एलीना मिश्रा, मध्य प्रदेश की ISRO साइंटिस्ट शिल्पी सोनी, फ्रंटियर मार्केट्स की फाउंडर राजस्थान की अजैता शाह, दिल्ली की समाजसेवी डॉ. अंजली अग्रवाल।
जानते हैं इन महिलाओं की उपलब्धियां
तमिलनाडु की वैशाली रमेशबाबू शतरंज की ग्रैंडमास्टर हैं। इन्होंने महज 6 साल की उम्र से शतरंज खेलना शुरू किया था और वे 2023 में ग्रैंडमास्टर का खिताब जीत चुकी हैं। वैशाली के भाई भी इंटरनेशनल चेस प्लेयर हैं। दोनों भाई-बहन अपनी मां के साथ चेस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते नजर आते हैं।
अनीता देवी को मशरूम लेडी ऑफ बिहार के तौर पर जाना जाता है। अनीता ने गरीबी की चुनौतियों को मात देकर 2016 में मधोपुर फार्मर्स प्रोड्यूसर्स कंपनी की स्थापना की। मशरूम की खेती के जरिए उन्होंने सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। उनके लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए।
ओडिशा निवासी एलीना मिश्रा भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर मुंबई में न्यूक्लियर साइंटिस्ट हैं।
मध्य प्रदेश की शिल्पी सोनी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ( ISRO) में साइंटिस्ट हैं।
राजस्थान की अजैता शाह ग्रामीण महिला उद्यमिता का सशक्त चेहरा हैं। फ्रंटियर मार्केट्स की संस्थापक और सीईओ अजैता शाह ने 35000 से अधिक सशक्त महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद की है।
दिल्ली की डॉ. अंजली अग्रवाल ने समर्थ्यम सेंटर फॉर यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी की स्थापना की हैं और 30 साल से वे परिवहन सुविधाओं और बाधा रहित बुनियादी ढांचे के लिए कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों को विकलांग लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाया गया है।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब महिलाओं ने पीएम के सोशल मीडिया अकाउंट को संभाला हो। इससे पहले साल 2020 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ही पीएम के सोशल मीडिया अकाउंट को 7 महिलाओं को सौंपा गया था ।

