-
Advertisement
जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से भारी तबाही, रामबन में 3 की मौत; कई घर क्षतिग्रस्त
Cloudburst in Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है। शनिवार रात से ही जिले में भारी बारिश हो रही है। बादल फटने और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति के कारण रामबन जिले में हालात और खराब हो गए हैं। दो होटल, दुकानें और कुछ घरों को नुकसान पहुंचा है। लैंड स्लाइडिंग के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगहों पर बंद है। लगातार भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन जगहों पर भूस्खलन और मिट्टी धंस गई, जिसके कारण यातायात को रोकना पड़ा।

बिजली गिरने से दो लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। शनिवार शाम रियासी जिले की अरनास तहसील के दुग्गा के पास चंटू गली में बादल फटा और इस दौरान आसमान से बिजली भी गिरी है।
मृतकों की हुई पहचान
इस घटना में 60 वर्षीय अब्दुल रशीद, 25 वर्षीय शहनाज बेगम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रियासी के भोमग तहसील के लमसोरा गांव के निवासी थे। इस घटना में एक अन्य महिला गुलजार बेगम (55) घायल हो गई। वह भी लमसोरा गांव की रहने वाली है। अधिकारी ने बताया कि घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

40 भेड़-बकरियां भी मरीं
बादल फटने के बाद बिजली गिरने से 40 बकरियां और भेड़ें भी मर गईं। बादल फटने के बाद पूरा इलाका जलमग्न हो गया। रियासी जिले में कई जगहों पर लैंड स्लाइडिंग भी हुई है। इसके चलते सड़कों पर लंबा वाहनों का लंबा जाम लग गया है। अधिकारियों ने बताया कि सीएम उमर अब्दुल्ला ने स्थिति का आकलन करने के लिए बाद एक बैठक बुलाई है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कीमती जिंदगियों को बचाने में त्वरित कार्रवाई के लिए डिप्टी कमिश्नर बसीर-उल-हक चौधरी के नेतृत्व वाले जिला प्रशासन की सराहना की।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

