-
Advertisement
नालागढ़ के लोधीमाजरा में कामगारों से भरी पिकअप पलटी, 20 घायल, 15 गंभीर पीजीआई रैफर
Himachal News: नालागढ़ के नजदीक औद्योगिक क्षेत्र लोधीमाजरा में एक सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में 20 कामगार घायल हो गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ और सैक्टर-32 अस्पताल रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम सपास रेमिडीज उद्योग से छुट्टी के बाद रोतांवाला जा रहे कामगारों से भरी पिकअप जीप अचानक इच्छाधारी मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
पिकअप तेज गति से मोड़ काट रही थी
यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों को कंपनी से उनके घर मानपुरा छोड़ने जा रही एक पिकअप गाड़ी इच्छाधारी मंदिर के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में लड़कियां और महिलाएं भी शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप तेज गति से मोड़ काट रही थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। हादसे में सवार सभी मजदूरों को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत बद्दी अस्पताल ले जाया गया. बद्दी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 15 मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पहले नालागढ़ अस्पताल रेफर किया गयाऔर बाद में पीजीआई।
घायलों में से अधिकांश उत्तर प्रदेश के
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों में से अधिकांश उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और इनमें से 2 नाबालिग बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान संकेत, आकाश , चीनू, अंशिका, गुलशन, शानू, माही, सन्नू, नरगिस, नसरीन, संतोष, अमरीना, रवि कुमार, सोनम, सरिता देवी, नूर मोहम्मद, हर्ष, जूली और चांदनी के रूप में की गई है। एक पुरुष की पहचान अभी नहीं हो पाई है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है। यह सभी कामगार एक ठेकेदार के माध्यम से कंपनी में कार्यरत थे और रोजाना इसी पिकअप वाहन से आते-जाते थे।
नरेंद्र

