-
Advertisement
घर के अंदर सोए थे पति-पत्नी ,आसमानी बिजली गिरी और लग गई आग
Himachal News: हिमाचल में बीते कल से मौसम के मिजाज बिगड़े हुए हैं कई जगहों में तेज बारिश हुई है और आंधी तूफान से खासा नुकसान भी हुआ है। इसी बीच हमीरपुर जिला के तहत तहसील टौणीदेवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत नाडसी के खंदेहडा गांव में गत रात आसमानी बिजली गिरने से कुलदीप सिंह पुत्र स्व जयकरण सिंह के स्लेटपोश मकान के 2 कमरे जलकर राख हो गए।
घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख
कुलदीप सिंह व उसकी पत्नी घर के अंदर ही सोए हुए थे तो आसमानी बिजली गिरी। इसके बाद घर में आग लग गई। ग्रामीणों ने कुलदीप सिंह के घर मे आग लगी देखी तो उन्होंने सो रहे कुलदीप सिंह व उनकी पत्नी को घर के अन्दर से सुरक्षित बाहर निकाला। आग इतनी भंयकर थी कि घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
पटवारी व कानूनगो को घटना से अवगत करवाया
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से रातभर आग पर काबू पाया और आसपास के अन्य घरों को जलने से बचा लिया गया। पंचायत प्रधान सुनील कुमार ने प्रशासन को इसकी सूचना दे दी है। वहीं बमसन तहसील टौणीदेवी के नायब तहसीलदार देसराज कटवाल का कहना है कि स्थानीय पटवारी व कानूनगो को घटना से अवगत करवा दिया गया है तथा दोनों अधिकारी मौके पर जाकर नुक्सान का आकलन करने के साथ ही पीड़ित को जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा।
अशोक राणा

