-
Advertisement
मनाली जा रही थी पर्यटकों की बस:17 मील के पास पलटी, मची चीखोपुकार
Himachal Accident: पर्यटन नगरी मनाली के निकट आज सुबह एक हादसा हुआ है। मनाली और पतलीकूहल के बीच 17 मील के पास पर्यटकों से भरी एक निजी वोल्वो बस दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति को चोटें आईं है, जबकि अन्य सभी सुरक्षित बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब सवा 6 बजे पेश आया, जब निजी वोल्वो बस (एचआर 47जी-0011) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में पर्यटक सवार थे, जोकि दिल्ली से मनाली घूमने जा रहे थे। जैसे ही बस पलटी तो पर्यटकों के बीच चीखोपुकार मच गई।
पर्यटकों को दूसरी बस से किया रवाना
वहीं स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा पुलिस प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले पर्यटकों को बस से निकाल लिया गया था। हादसे में घायल हुए एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया। वहीं अन्य पर्यटकों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार गनीमत यह रही कि बस किसी खाई में नहीं गिरी। पतलीकूहल थाना की टीम ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तुलसी

