-
Advertisement
श्रीनगर से 39 हिमाचली छात्रों की सुरक्षित वापसी, एचआरटीसी की विशेष बस में पहुंचे कांगड़ा
Himachal News: भारत व पाक के बीच चल रहे तनाव के बीच श्रीनगर में पढ़ाई कर रहे 40 छात्र रविवार को सकुशल वापस अपने घरों को लौट आए हैं।एचआरटीसी की बस में इन छात्रों को वापस लाया गया। राज्य सरकार ने इन बच्चों को वापस लाने के लिए एचआरटीसी बस को जम्मू भेजा था। रविवार दोपहर को यह बस बच्चों को लेकर वापस कांगड़ा पहुंची। कांगड़ा में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा व अन्य अधिकारियों ने इन बच्चों का स्वागत किया।
बच्चों के लिए यहां पर भोजन की व्यवस्था की गई थी। उसके बाद उन्हें वापस घरों को भेजा गया।
जम्मू-कश्मीर में अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया
9 मई की सुबह हिमाचल प्रदेश सरकार को सूचना मिली कि कश्मीर में कृषि विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों में पढ़ने वाले राज्य के लगभग 40 छात्र क्षेत्र में मौजूदा स्थिति के कारण फंसे हुए हैं। हिमाचल सड़क परिवहन निगम को तुरंत उनकी सुरक्षित वापसी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पंजाब, जम्मू-कश्मीर में अधिकारियों के साथ संपर्क कर समन्वय स्थापित किया गया। जिसके बाद एक बस को जम्मू भेजा गया।
रात को छात्रों को जम्मू में ठहराया गया
जम्मू और कश्मीर सड़क परिवहन निगम (जेकेआरटीसी) के साथ समन्वय किया गया। जिसने छात्रों की श्रीनगर से जम्मू तक की यात्रा की व्यवस्था की गई। छात्र 10 मई की देर रात जम्मू पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर रात को छात्रों को जम्मू में ठहराया गया। राज्य सरकार और एचआरटीसी ने छात्रों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था की। जम्मू और कश्मीर प्रशासन के साथ मिलकर यह व्यवस्था की गई। रात भर आराम करने के बाद एचआरटीसी की विशेष बस रविवार सुबह छात्रों को लेकर वहां से रवाना हुई और वापस कांगड़ा बस स्टैंड पहुंची। दोपहर करीब 2 बजे सुरक्षित छात्र यहां पहुंचे।
रविंद्र चौधरी

