-
Advertisement
पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे युवक को कोर्ट ने 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
Youth Spying for Pakistan: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में गिरफ्तार युवक अभिषेक भारद्वाज को देहरा कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे पांच 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। देहरा में सुखाहर गांव के रहने वाले अभिषेक पर आरोप है कि वह भारत की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान में बैठे एजेंटों को भेज रहा था।
आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सामग्री मिली
उसके मोबाइल से कई संवेदनशील दस्तावेज और फोटो बरामद हुए हैं। इस डेटा को फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, युवक के मोबाइल से देश की सुरक्षा से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सामग्री मिली है, जिसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच में हुई है।
फेसबुक पर हथियारों का वीडियो पोस्ट किया था
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अभिषेक ने 11 जून 2024 को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें दो पिस्टल, तीन AK-47 राइफलें और गोलियों की कतारें दिखाई दे रही हैं। गोलियों को इस तरह सजाया गया था कि उन पर ‘अभिषेक भारद्वाज’ लिखा नजर आ रहा है। इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां कई पहलुओं से जांच में जुटी हैं।
गरीब परिवार से संबंध रखता है युवक
डाडासीबा के डीएसपी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर युवक के घर पर दबिश दी थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि अभिषेक कुछ समय पहले कॉलेज छोड़ चुका था और इंटरनेट के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था। पकड़े गया युवक गरीब परिवार से है। उसकी माता निजी होटल में सफाई कर्मचारी और पिता ड्राइवर है।
देशविरोधी गतिविधियों में संलिप्त
पुलिस ने युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 BNS के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से मिली जानकारी को गंभीरता से लिया गया है और तकनीकी विश्लेषण में यह पुष्टि हुई है कि वह देशविरोधी गतिविधियों में संलिप्त था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है और उनसे सहयोग मांगा गया है।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

