-
Advertisement
दौड़ लगाते ही होने लगी उल्टियां,आया चक्कर, एनसीसी के शिविर में कैडेट्स की बिगड़ी तबीयत
Himachal News: ऊना के निकट जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुवेला में सोमवार को एनसीसी के शिविर में 14 कैडेट्स की तबीयत बिगड़ गई। सभी कैडेट्स को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर डॉक्टरों की टीम कैडेट्स के उपचार में जुट गई है। डॉक्टरों ने बताया कि डी हाईडरेशन की वजह से बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। सभी कैडेट्स को इंजेक्शन के साथ-साथ ओआरएस का घोल दिया गया है। इसके बाद सभी कैडेट्स की सेहत में सुधार हुआ है और उन्हें जरूरी हिदायतें देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, एक कैडेट्स का अभी भी उपचार किया जा रहा है।
पानी की कमी से बच्चों की तबीयत बिगड़ी
बता दें कि पेखुवेला में दस दिवसीय एनसीसी शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न स्कूलों व कॉलेज के करीब 500 बच्चे भाग ले रहे है। सोमवार सुबह जैसे ही कैडेट्स ने दौड़ लगानी शुरू की। उनमें से 14 की हालत बिगड़ने लगी। कैडेट्स को चक्कर आने के साथ-साथ उल्टियां आनी शुरू हो गईं। कई कैडेट्स अचेत होकर गिर भी पड़े। सभी कैडेट्स को आनन-फानन में ऊना के रिजनल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उनकी हालत में सुधार हुआ है। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय मनकोटिया ने बताया कि पानी की कमी से बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। सभी की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि एनसीसी अधिकारियों को जरूरी हिदायतें दी गई है।
सुनैना जसवाल

