-
Advertisement
नकली सोना बेचकर शातिरों ने की थी 15 लाख की ठगी, पुलिस ने धरे दो आरोपी
Himachal News: हमीरपुर जिला के पुलिस थाना नादौन के तहत नकली सोने के गहने देकर 15 लाख रुपये की ठगी का मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बबलू पुत्र जेठिया निवासी देवलोदा रावणपाण्डा, तहसील बलई जिला दुर्ग (छतीसगढ़) और देवी पत्नी देवा निवासी आकाश बिहार, गली नंबर 4 चंचल पार्क दिल्ली के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधा पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची है। आरोपियों को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को पांच दिन का पुलिस रिमांड दिया है।
करतार चंद ने पांच जून को दर्ज करवाई थी शिकायत
मामले में बिझड़ी के गांव कोट के करतार चंद ने पांच जून को थाना नादौन में शिकायत दी थी। ठगी के आरोपी ने पहले शिकायतकर्ता को असली सोना दिखाया। उसके बाद नकली गहने थमाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायकर्ता को झांसे में लेने के लिए पहले आरोपी ने शिकायतकर्ता से घी खरीदा। शिकायतकर्ता को कहा कि इनको खेत में सोना मिला है। सोने को यह बेचना चाहता है, क्योंकि अपनी बहन की शादी के लिए रुपयों की जरूरत है।
मनकों की एक माला दी और 15 लाख ले लिए
अज्ञात व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को दो मनके सोने के दिए तथा कहा कि सुनार से चैक करवा लो, तभी इसकी कीमत चुकाना। शिकायतकर्ता ने सुनार से सोने के दोनों मनके चैक करवाए। सुनार ने कहा कि यह शुद्ध सोना है। इसके उपरांत शिकायतकर्ता को भरोसा हो गया तथा उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को नादौन में बुलाया, जहां उसके साथ एक अन्य व्यक्ति व महिला भी थी। आरोपी ने शिकायतकर्ता को सोने के मनकों की एक माला दी व शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपये की धनराशि ले ली। बाद में जब शिकायतकर्ता ने वह सोने की माला के मनके चैक करवाए तो वे जाली पाए गए। कोई अन्य धातु के मनके देकर धोखाधड़ी की है।
आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
वहीं एसपी हमीरपुर भगत सिंह ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जिन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
अशोक राणा

