-
Advertisement
हजारों करोड़ केंद्र से मिले धरातल पर कुछ नहीं उतरा नड्डा बोले- हिमाचल में सीएम व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं
JP Nadda: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का शिमला में अभिनंदन किय गया। पीटरहॉफ में नड्डा ने ओपन जीप में सवार होकर अभिवादन स्वीकार किया। पार्टी वर्करों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर पुष्प वर्षा की। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने हिमाचल की जनता से स्पष्ट कहा था कि कांग्रेस को सत्ता में लाने की गलती ना करें, क्योंकि हिमाचल के विकास का एकमात्र रास्ता डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कहा कि यहां बैठे लोग हिमाचल को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस की राजनीति केवल “खाओ, पीयो और मौज करो” तक सीमित है। कांग्रेस भविष्य की नहीं, केवल सत्ता सुख की राजनीति करती है, इसलिए बीजेपी और कांग्रेस की सोच का मेल संभव ही नहीं है।
देशभर में 787 कार्यालय बनाने का लक्ष्य
नड्डा ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि पीएम मोदी का स्पष्ट निर्देश है कि पार्टी के कार्यालय आधुनिक हों और विचार-विमर्श व मंथन के केंद्र बनें। उन्होंने बताया कि देशभर में 787 भाजपा कार्यालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 617 कार्यालय पूरे हो चुके हैं और हिमाचल प्रदेश में 9 कार्यालय बन चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने भाजपा की कार्यशैली को परिभाषित करते हुए ‘5 क’—कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कोर्स, कोष और कार्यालय पर विशेष जोर दिया। नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यालय केवल इमारतें नहीं, बल्कि संस्कार केंद्र हैं, जहां से जनता की सेवा कर देश को आगे बढ़ाने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया जाता है।
कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही
नड्डा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि आखिर केंद्र सरकार ने हिमाचल को क्या कमी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार ने 3789 करोड़ रुपये दिए, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक की राशि दी, वाइब्रेंट विलेज योजना, मेडिकल कॉलेज, एम्स बिलासपुर, बल्क ड्रग पार्क, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित किया। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है।
कोई भी प्रोजेक्ट बनाकर लाए, केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी
नड्डा ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 2000 करोड़ से अधिक की विशेष सहायता और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड स्वीकृत किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो धन का उपयोग न कर सके, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। आज हिमाचल की ट्रेजरी बार-बार बंद हो रही है, पूरी सरकार एडहॉक व्यवस्था पर चल रही है और सीएम व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं है। कांग्रेस सरकार एक भी ठोस परियोजना बनाकर केंद्र के पास नहीं लाई है। नड्डा ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार कोई भी प्रोजेक्ट बनाकर लाए, केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

