-
Advertisement
अपने कर्मचारियों को फ्लैट गिफ्ट कर रही ये कंपनी, बस पूरी करनी होगी ये शर्त
Viral News: दुनिया भर की बड़ी कंपनियां त्योहारों या विशेष मौकों पर अपने कर्मचारियों को महंगे गिफ्ट्स देती हैं, लेकिन चीन की एक कंपनी ने यह काम पूरी तरह नया अंदाज में किया है। झेजियांग गुओशेंग ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों को पांच साल लगातार काम करने पर फ्लैट गिफ्ट करने का अनोखा निर्णय लिया है। कंपनी का मुख्यालय चीन के झेजियांग प्रांत के वेनझोउ में स्थित है। कंपनी में 450 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं और साल 2024 में इसने 490 मिलियन युआन (लगभग 70 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का उत्पादन किया।
कुल 18 फ्लैट कर्मचारियों को दिए जाएंगे
कंपनी के जनरल मैनेजर वांग जियायुआन ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य कुशल तकनीकी और मैनेजेरियल कर्मचारियों को लंबे समय तक बनाए रखना है। इसके लिए उन्होंने एक अनोखी योजना बनाई है जिसमें पांच साल लगातार सेवा निभाने वाले कर्मचारियों को फ्लैट गिफ्ट किए जाएंगे। इस साल कंपनी ने पांच फ्लैट वितरित किए हैं और अगले साल आठ और फ्लैट देने की योजना है। इस तरह तीन साल में कुल 18 फ्लैट कर्मचारियों को दिए जाएंगे। इस क्षेत्र में फ्लैट की कीमत लगभग 7,000 से 8,500 युआन प्रति वर्ग मीटर है। उदाहरण के लिए, एक कपल को पहले ही 144 वर्ग मीटर का फ्लैट मिल चुका है।
कंपनी ने पहले ही खरीद लिए हैं सभी घर
कंपनी ने इन फ्लैट्स को पहले ही खरीद लिया है और इसका कुल निवेश 10 मिलियन युआन से अधिक है। जिन कर्मचारियों को फ्लैट दिया जाता है, उन्हें केवल उस राशि का भुगतान करना होता है, जो कंपनी ने फ्लैट के रेनोवेशन पर खर्च की है। इस योजना के तहत, जिन कर्मचारियों ने कंपनी में शुरुआती स्तर से मैनेजेरियल पद तक तरक्की की, उन्हें भी फ्लैट मिल चुका है। कंपनी का यह कदम न केवल कर्मचारियों को लंबे समय तक जोड़कर रखेगा, बल्कि इसे एक अनोखा उदाहरण भी माना जा रहा है कि किस तरह कंपनियां अपने कर्मचारियों के लिए आर्थिक और स्थायी लाभ प्रदान कर सकती हैं।
पंकज शर्मा

