-
Advertisement
विवाहिता की संदिग्ध मौ#त- मायका पक्ष ने किया हंगामा,ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
Himachal News: जिला हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले थाना भोरंज के अंतर्गत एक 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मायका पक्ष ने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और पुलिस से न्याय की मांग की। महिला की पहचान शिवानी उर्फ रीतू पत्नी वीरेंद्र, निवासी चंबोह के रूप में हुई है। शिवानी की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व ही हुई थी।
मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था शिवानी को
मायका पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिवानी को ससुराल में लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह काफी परेशान रहती थी। बताया जा रहा है कि बीते दिन अचानक शिवानी की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए भोरंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रैफर कर दिया। हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। सुबह मेडिकल कॉलेज में मायका और ससुराल पक्ष के लोग मौजूद रहे, लेकिन मायका पक्ष का आरोप है कि कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग वहां से चले गए।
पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत करवाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मायका पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।वहीं मृतका के पिता ने बताया कि बीती शाम को बेटी से फोन पर बात हुई थी तो उसे प्रताड़ित किया जा रहा था उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उनके दामाद, सास- ससुर और देवर को गिरफ्तार किया जाए। मेडिकल कॉलेज के एमएस ने बताया कि भोरंज क्षेत्र की एक महिला को भोरंज अस्पताल से रेफर किया गया था। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अशोक राणा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

